मंदिर पर हमले के 1000 साल पूरे होने पर मनाया जा रहा है सोमनाथ स्वाभिमान पर्व
PM Narendra Modi, (द भारत ख़बर), सोमनाथ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 से 12 जनवरी तक 3 दिन के गुजरात के दौरे पर हैं। शनिवार शाम वे राजकोट से हेलिकॉप्टर के जरिए सोमनाथ पहुंचे। यहां उन्होंने रोड शो किया। इसके बाद सोमनाथ मंदिर पहुंचे। सोमेश्वर महादेव की महाआरती की। इसके बाद 72 घंटे चलने वाले ऊं जाप में शामिल होकर ऊं जाप भी किया। इसके बाद पीएम ने ड्रोन शो भी देखा, जिसमें 3 हजार ड्रोन से सोमनाथ गाथा प्रस्तुत की गई। रोड शो के दौरान पीएम को देखने के लिए सड़क के दोनों और भीड़ मौजूद रही थी। मंदिर पहुंचने से पहले पीएम ने सोमनाथ सर्किट हाउस में सोमनाथ के ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग भी की थी। पीएम सोमनाथ सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। दरअसल पीएम मोदी ने सोमनाथ पर 1026 में हुए पहले आक्रमण के हजार साल पूरे होने पर हो रहे इस कार्यक्रम को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व नाम दिया है। पर्व 8 से 11 जनवरी तक मनाया जा रहा है।

11 जनवरी का कार्यक्रम
पीएम मोदी 11 जनवरी की सुबह करीब 9:45 बजे शौर्य यात्रा में शामिल होंगे। करीब 2 किमी लंबी इस यात्रा में 108 घोड़े नजर आएंगे। शौर्य यात्रा सोमनाथ मंदिर की रक्षा में प्राणों की आहुति देने वाले योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए निकाली जाती है। यात्रा का समापन सोमनाथ के सद्भावना मैदान में होगा। इसके बाद पीएम सोमनाथ मंदिर में दर्शन, जलाभिषेक और पूजा अर्चना करेंगे। सुबह लगभग 11 बजे सोमनाथ में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे और सद्भावना मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

ये भी पढ़ें: युद्ध किसी देश का मनोबल तोड़ने के लिए लड़े जाते हैं, ताकि वह हमारी शर्तों पर आत्मसमर्पण करें: डोभाल

