पिछले सप्ताह बारिश के बाद 155 दर्ज हुआ था एक्यूआई
Delhi Pollution Update (द भारत ख़बर), नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में सात दिन के भीतर दो बार बारिश हुई। हालांकि दोनों बार ही प्रदूषण पर इसका एकदम उलट असर हुआ। पिछले सप्ताह जब गुरुवार और शुक्रवार को बारिश हुई थी तो उसके तुरंत बाद दिल्ली में प्रदूषण की मात्रा में काफी ज्यादा कमी आई थी। उस दौरान दिल्ली का औसत एक्यूआई 155 दर्ज किया गया था। जोकि साल में सबसे कम रहा था।
वहीं इस बार जब बीते दिन मंगलवार को बारिश हुई तो प्रदूषण के स्तर में कोई ज्यादा कमी देखने को नहीं मिली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अुनसार, आज बुधवार को सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 273 दर्ज किया गया है, हवा की खराब श्रेणी में आता है। इससे एक दिन पहले, मंगलवार को राजधानी में एक्यूआई 336 रिकॉर्ड किया गया, जो सोमवार को ‘खराब’ कैटेगरी में रहे 241 एक्यूआई से काफी ज्यादा है।
तीन साल बाद जनवरी में इतनी बारिश
राजधानी में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बीते तीन साल बाद जनवरी में अबतक सबसे अधिक मेघ बरसे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इस माह में अब तक 21.01 मिमी बारिश हो चुकी है। इससे पहले 23 और 24 जनवरी की सुबह 8:30 बजे तक सफदरजंग मानक वेधशाला में 19.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। वहीं, साल 2025 में 8.3, 2024 में बारिश ट्रेस और 2023 में 20.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इसके अलावा, आॅल टाइम रिकॉर्ड साल 1885 का है, जब 173.2 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। हालांकि, मौसम विभाग ने अब महीने के अंत तक बारिश नहीं होने की संभावना जताई है। ऐसे में बुधवार को पारा गिर सकता है। इससे ठिठुरन बढ़ेगी।
एक फरवरी को फिर हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 28 जनवरी से 2 फरवरी तक मौसम ठंडा और बादल वाला रहने का अनुमान है। 28 जनवरी से 30 जनवरी तक अधिकतर बादल छाए रहेंगे और सुबह हल्का कोहरा रहेगा। 29 जनवरी को मौसम आंशिक रूप से बादल वाला रहेगा। 31 जनवरी को भी आंशिक बादल रहने के साथ हल्का कोहरा रहेगा। 1 फरवरी को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की बारिश के साथ गरज और बिजली कड़कने की संभावना है।

