लिखा- पंजाब मेरे लिए सिर्फ एक विषय नहीं है। यह मेरा घर है, मेरा कर्तव्य है, मेरी मिट्टी है, मेरी आत्मा है
Raghav Chadha, (द भारत ख़बर), चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) से चल रही तकरार के बीच राघव चड्ढा ने नया पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने लिखा है, मेरे उन सहयोगियों के लिए जो मजबूर होकर वीडियो जारी कर रहे हैं और कह रहे हैं कि राघव चड्ढा संसद में पंजाब के मुद्दे उठाने में असफल रहे। उनके लिए एक छोटी झलक। कहानी अभी बाकी है।
चड्ढा ने आगे लिखा, पंजाब मेरे लिए सिर्फ एक विषय नहीं है। यह मेरा घर है, मेरा कर्तव्य है, मेरी मिट्टी है, मेरी आत्मा है। राघव ने इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने पार्लियामेंट में अपनी स्पीच दिखाई हैं। इनमें चड्ढा को पंजाब के मुद्दे उठाते सुना जा सकता है।
सौरभ भारद्वाज बोले- राघव ने पीएम मोदी और भाजपा की आलोचना वाले पोस्ट डिलीट किए
वहीं, आप नेता सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि राघव चड्ढा ने पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा की आलोचना वाले अपने सभी पुराने पोस्ट डिलीट कर दिए हैं।
केवल मोदी की तारीफ करने वाले पोस्ट
सौरभ ने सोशल मीडिया पर लिखा, कुछ लोगों के सुझाव पर मैंने राघव की टाइमलाइन में भाजपा और मोदी सर्च किया। कोई आलोचनात्मक पोस्ट नहीं मिली। इसका मतलब है कि उन्होंने अपने सभी पुराने आलोचनात्मक पोस्ट हटा दिए हैं। अब केवल 2 पोस्ट हैं जिनमें मोदी शब्द है और वे भी मोदी की तारीफ करने वाले हैं।
कुमार विश्वास का करीब डेढ़ साल पुराना वीडियो वायरल, राघव चड्ढा होंगे अगले शिकार
इधर, मशहूर कवि कुमार विश्वास का पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह कह रहे हैं कि आप का अगला शिकार राघव चड्ढा होंगे। उसने हीरोइन से शादी कर ली और रील दिखने लगी है। कुमार विश्वास का यह वीडियो करीब डेढ़ साल पुराना है, जिसमें वह पॉडकास्ट के दौरान बात कर रहे हैं। कुमार विश्वास भी आप के फाउंडर मेंबर्स में से एक हैं। दिल्ली में सरकार बनने के बाद उनका अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम से मनमुटाव हो गया, जिसके बाद उन्होंने आप छोड़ दी थी।
ये भी पढ़ें : West Asia Conflict: पाकिस्तान की फजीहत, ईरान ने ठुकराई मध्यस्थता की पेशकश

