Weather Updates, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ों से मैदानी इलाकों सहित देश के अन्य कई राज्यों में इस सप्ताह भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण बीते कई दिन से उत्तर भारत समेत देश के कई भागों में मौसम बदला है। इसके कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में जहां बारिश व बर्फबारी हुई वहीं मैदानी राज्यों दिल्ली, यूपी, पंजाब-हरियाणा और राजस्थान व एमपी आदि में बारिश के साथ आंधी-तूफान आया। कई जगह ओलावृष्टि हुई है।
दिल्ली में मंगलवार सुबह धुंध छाई रही
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की वजह से उत्तर-पश्चिम भारत में पांच अप्रैल तक कई जगह बारिश हो सकती है। 4 अप्रैल को भारी वर्षा का अनुमान है। कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश के साथ हिमपात हो सकता है। देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह धुंध छाई रही। सोमवार शाम को लद्दाख के द्रास में ताजा बर्फबारी हुई। हिमाचल के रोहतांग व अटल टनल क्षेत्र में भी इस दौरान बर्फबारी हुई। शिमला मेंबारिश के साथ ओले गिरे। महाराष्ट्र के पुणे में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। उत्तराखंड के पहाड़ों में बर्फबारी का अनुमान है, वहीं चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ आदि जिलों में आंधी की चेतावनी जारी की गई है। बिजली चमकने के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं।
मध्य प्रदेश : सोमवार को ओले गिरे, आंधी-बारिश आई
मध्य प्रदेश के आठ जिलों में सोमवार को ओले गिरे और 20 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश हुई। कुछ शहरों में गर्मी रही। राजस्थान में भी कुछ जगह बारिश के साथ ओले गिरे। बुधवार को पूर्वोत्तर राज्यों मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, असम और त्रिपुरा में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके साथ कई जगह तेज हवाएं चल सकती हैं और ओले गिर सकते हैं। तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल में हल्की बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश को छोड़कर उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, ओडिशा में गुरुवार को हल्की बारिश की संभावना है।
पंजाब के तापमान में 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी
पंजाब के तापमान में 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। फरीदकोट में सबसे ज्यादा तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा में दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। बादल छाए रहने से कुछ जगहों पर गर्मी से राहत मिली है। सोमवार रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में तेज हवाओं का अलर्ट है। वहीं नमी फसलों के लिए नुकसानदायक है।
उत्तर प्रदेश : बांदा अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री
उत्तर प्रदेश का बांदा अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। राज्य में कुछ जगहों पर मंगलवार सुबह बारिश हुई और कई जगह बादल छाए रहे जिससे गर्मी से राहत मिली। राजस्थान में भी कई जगह आंधी-बारिश की संभावना बनी हुई है।
ये भी पढ़ें : Weather Updates: जम्मू-कश्मीर से पूर्वोत्तर व दक्षिण भारत तक मौसम खराब, राहत के नहीं आसार

