
देश में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म जवान को छोड़ा पीछे
Dhurandhar, (द भारत ख़बर), मुंबई: रणवीर सिंह की मल्टीस्टारर फिल्म धुरंधर की बॉक्स आॅफिस पर आंधी चल रही है। 5 दिसंबर को रिलीज हुई इस फिल्म की कमाई चौथे हफ्ते में भी जारी है। रिलीज के बाद से जो भी फिल्म इसके रास्ते में आई, इसने उसका कचूमर निकाल दिया। अब धुरंधर भारत में बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भी बन गई है। ये कारनामा इस पिक्चर ने महज 22 दिनों में ही कर दिखाया है। आदित्य धर की इस फिल्म ने देश में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म जवान को काफी पीछे छोड़ दिया है।
यानी रणवीर ने चंद दिनों में ही बॉक्स आॅफिस पर शाहरुख खान की बादशाहत को खत्म कर दिया है। खास बात ये है कि घरेलू बॉक्स आॅफिस पर धुरंधर का पहला पार्ट सिर्फ हिंदी में आया है, जबकि शाहरुख की जवान भारत में हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगू में भी रिलीज की गई थी। यानी धुरंधर ने एक भाषा में ही इतना कमाया कि जवान की तीन भाषा की कमाई को भी पीछे छोड़ दिया।
22 दिन में कमाए 647.5 करोड़
शाहरुख खान की जवान साल 2023 में 7 सितंबर को रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने तब हिंदी में 582.31 करोड़ रुपये, तमिल में 30.08 करोड़ रुपये और तेलुगू में 27.86 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इस तरह जवान की कुल कमाई 640.25 करोड़ रुपये (लाइफ टाइम रन) तक पहुंची थी। जवान को यहां तक पहुंचने के लिए 8 हफ्ते का इंतजार करना पड़ा था। वहीं रणवीर की फिल्म ने 22 दिनों में ही जवान का काम तमाम कर दिया। धुरंधर ने 22वें दिन (शुक्रवार) 15 करोड़ का बिजनेस किया और इसकी कमाई 647.5 करोड़ तक पहुंच गई।
वर्ल्डवाइड फिल्म ने कमाए 1031.50 करोड़
भले ही अब धुरंधर बॉलीवुड की भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई हो, लेकिन इसकी कमाई की रफ्तार अब भी कम नहीं हो रही है। फिल्म ने चौथे शुक्रवार को जहां 15 करोड़ कमाए थे, वहीं चौथे शनिवार को इसकी कमाई में भारी उछाल आया और इसने 20.5 करोड़ का कलेक्शन कर लिया।
इस तरह 23 दिनों में भारत में ही धुरंधर ने 668 करोड़ का बिजनेस कर लिया है। ओवरसीज में इसने 23 दिनों में 230 करोड़ की दमदार कमाई की है। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 801.50 करोड़ तक पहुंच गया है। इस तरह वर्ल्डवाइड फिल्म की कमाई 1031.50 करोड़ रुपये हो गई है।
