फाइनल में दिल्ली को हराया, स्मृति मंधाना ने शानदार बैटिंग के साथ लगाई रिकॉर्ड की झड़ी
RCB Win WPL 2026 (द भारत ख़बर), खेल डेस्क : डब्ल्यूपीएल यानि महिला प्रीमियर लीग के 2026 संस्करण का समापन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के दूसरी बार चैंपियन बनने के साथ ही समाप्त हो गया। फाइनल में आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को हाई स्कोरिंग मैच में हरा दिया। दिल्ली चौथी बार फाइनल में पहुंची लेकिन जीत का तिलिस्म तोड़ने में कामयाब नहीं हो सकी। इसी जीत के साथ आरसीबी डब्ल्यूपीएल की ट्रॉफी जीतने वाली दूसरी टीम बन चुकी है। इससे पहले मुंबई इंडियन यह कारनामा अपने नाम कर चुकी है। इस जीत के साथ ही भारतीय महिला टीम की उपकप्तान और आरसीबी की कप्तान स्मृति माधना ने अपने नाम के आगे कई रिकॉर्ड दर्ज कर लिए हैं।
आरसीबी ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण चुना
गुरुवार को वडोदरा के कोतांबी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 19.4 ओवर में चार विकेट खोकर 204 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। आरसीबी ने दूसरी बार महिला प्रीमियर लीग का खिताब जीता है। इससे पहले टीम 2024 में दिल्ली के ही खिलाफ फाइनल मैच जीतकर चैंपियन बनी थी। इसी के साथ स्मृति मंधाना बतौर कप्तान दो डब्ल्यूपीएल खिताब जीतने वाली खिलाड़ी बन गईं। इस मामले में उन्होंने मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर की बराबरी कर ली, जिन्होंने 2023 और 2025 में खिताब जीता था।
मंधाना और जॉर्जिया की रिकॉर्ड 165 रन की साझेदारी
खिताबी मुकाबले में 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरूआत झटके के साथ हुई। चिनेल हेनरी ने नौ के स्कोर पर ग्रेस हैरिस को बोल्ड किया। वह सिर्फ नौ रन बना पाईं। इसके बाद मोर्चा स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों में 165 रनों की साझेदारी हुई और यही आरसीबी की जीत की सूत्रधार बनी।
मंधाना और जॉर्जिया के बीच हुई यह साझेदारी किसी भी विकेट के लिए डब्ल्यूपीएल इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा के बीच 2023 में आरसीबी के खिलाफ 162 रनों की पार्टनरशिप हुई थी। इस दौरान जॉर्जिया ने 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और वह 54 गेंदों में 14 चौके की मदद से 79 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। मंधाना ने 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 41 गेंदों में 12 चौके और तीन छक्के की मदद से 87 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।

