शुक्रवार के बाद सोमवार को भी शेयर बाजार में बड़ी गिरावट
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : पश्चिमी एशिया में संघर्ष का असर भारतीय शेयर बाजार पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। वैश्विक बाजारों में गिरावट, क्रूड आॅयल के दाम में तेजी और विदेशी निवेशकों की लगातार बाजार से धन निकासी से भारतीय शेयर बाजार लगातार टूट रहा है। जिससे निवेशकों को हर रोज लाखों करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़Þ रहा है।
ज्ञात रहे कि पिछले सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन यानि शुक्रवार को जोरदार गिरावट के बाद सोमवार को एक बार फिर से सेंसेक्स और निफ्टी बुरी तहर से टूट गए। शुक्रवार को सेंसेक्स 1,097 अंक या 1.37 प्रतिशत गिरकर 78,918.90 पर बंद हुआ। निफ्टी 315.45 अंक या 1.27 प्रतिशत गिरकर 24,450.45 पर समाप्त हुआ। वहीं सोमवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,352.74 अंक या 1.71 प्रतिशत गिरकर 77,566.16 पर बंद हुआ, लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। दिन भर में, यह सूचकांक 2,494.35 अंक या 3.16 प्रतिशत गिरकर 76,424.55 पर पहुंच गया।
क्रूड आॅयल में तेजी से प्रभावित हुए वैश्विक बाजार
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है। ब्रेंट क्रूड आॅयल की कीमत 120 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचने से वैश्विक बाजारों में गिरावट का माहौल देखने को मिल रहा है। इसके चलते सोमवार को घरेलू शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में करीब दो प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा, विदेशी निधियों की निरंतर निकासी और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी ने निवेशकों की भावना पर भारी असर डाला। रुपया 53 पैसे गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर 92.35 पर बंद हुआ।
अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर सबसे ज्यादा टूटा
सेंसेक्स पैक में अल्ट्राटेक सीमेंट को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, इसके शेयरों में 5.23 प्रतिशत की गिरावट आई, इसके बाद मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, स्टेट बैंक आॅफ इंडिया, इंटरग्लोब एविएशन और अदानी पोर्ट्स प्रमुख रूप से पिछड़ने वाले शेयरों में शामिल थे।
यह भी पढ़ें : India Trade Policy : भारत की व्यापार नीति में बदलाव रहा सफल : पीयूष गोयल

