भारत में अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर ने संभाला पदभार, कहा- दोनों देशों के बीच ट्रेड डील को लेकर मंगलवार को होगी बातचीत
Sergio Gor, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: अमेरिका के लिए भारत से ज्यादा जरूरी कोई देश नहीं है। दोनों देशों के बीच ट्रेड डील को लेकर मंगलवार को बातचीत होगी। यह कहना है भारत में अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर का। गोर ने सोमवार को नई दिल्ली में पदभार संभाला लिया है। अपने पहले संबोधन की शुरूआत गोर ने नमस्ते के साथ की और कहा कि भारत में अमेरिकी राजदूत होना उनके लिए गर्व की बात है।
उन्होंने भारत को एक असाधारण राष्ट्र बताया और यहां काम करने को सम्मान की बात कहा। गोर ने कहा, यह दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का संगम है। उन्होंने ट्रेड डील को लेकर कहा कि कल यानी मंगलवार को दोनों देशों के अधिकारियों के बीच इसे लेकर फोन पर बात होने वाली है।
अमेरिकी राजदूत ने राष्ट्रपति ट्रम्प और प्रधानमंत्री मोदी की दोस्ती को असली बताया। उन्होंने कहा कि सच्चे दोस्त असहमत हो सकते हैं, लेकिन अंत में हमेशा अपने मतभेदों को सुलझा लेते हैं। गोर ने उम्मीद जताई है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अगले एक से दो साल में भारत का दौरा कर सकते हैं।
ट्रेड भारत-अमेरिका रिश्तों का अहम हिस्सा
अमेरिकी राजदूत ने कहा कि कई लोग उनसे ट्रेड डील पर अपडेट पूछ रहे थे। उन्होंने साफ किया कि दोनों पक्ष लगातार संपर्क में हैं और बातचीत आगे बढ़ रही है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा देश है, इसलिए यह प्रक्रिया आसान नहीं है, लेकिन दोनों देश इसे पूरा करने के लिए कोशिश कर रहे हैं।
गोर ने कहा कि ट्रेड भारत-अमेरिका रिश्तों का अहम हिस्सा है, लेकिन सहयोग केवल व्यापार तक सीमित नहीं है। दोनों देश सुरक्षा, काउंटर-टेररिज्म, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी मिलकर काम कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: पीएसएलवी-सी62 मिशन फेल, रास्ते से भटका रॉकेट

