8.40 लाख नामों की नहीं हुई मैपिंग
SIR Draft Voter List MP, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश में एसआईआर की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। वोटर लिस्ट से 42.74 लाख लोगों के नाम हटा दिए गए है। इनमें 19.19 लाख पुरुष और 23.64 लाख महिलाएं हैं। इसके अलावा 8.40 लाख नाम ऐसे हैं, जिनकी मैपिंग नहीं हुई है। इसके अलावा आज चुनाव आयोग केरल, छत्तीसगढ़ और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की ड्राफ्ट लिस्ट भी पब्लिश करेगा। छत्तीसगढ़ में भी आंकड़ा लाखों में हो सकता है।
इससे पहले चुनाव आयोग 7 राज्यों पश्चिम बंगाल, राजस्थान, तमिलनाडु, गुजरात, गोवा, लक्षद्वीप और पुडुचेरी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर चुकी है। इन राज्यों में अलग-अलग कारणों से कुल 2 करोड़ 70 लाख से ज्यादा नाम ड्राफ्ट रोल से हटाए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 97 लाख तमिलनाडु से फिर गुजरात से 73 लाख और बंगाल से 58 लाख नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में से बाहर किए गए हैं।
केरल में 25 लाख नाम कट सकते हैं
2025 की स्थानीय निकाय चुनावों के लिए तैयार वोटर लिस्ट के मुताबिक केरल में 2.86 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड वोटर हैं। एसआईआर के तहत मतदाता सूची का 99% से अधिक डिजिटलीकरण पूरा हो गया है और लगभग 25 लाख नाम हटाए जा सकते हैं। केरल विधानसभा की सभी 140 सीटों पर 2026 में चुनाव होना है।
बिना सुनवाई के किसी का नाम नहीं हटाया जाएगा
ड्राफ्ट और फाइनल वोटर लिस्ट, दावा-आपत्ति की सूची वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। राजनीतिक दलों के साथ साझा होगी। एसआईआर के फैसले के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट और फिर सीईओ के पास अपील का प्रावधान भी रहेगा। अगर किसी मतदाता के दस्तावेज रिकॉर्ड से मेल नहीं खाते, तो ईआरओ नोटिस जारी करेगा। जांच के बाद ही नाम जोड़ने या हटाने का फैसला लिया जाएगा। बिना सुनवाई के किसी का नाम नहीं हटाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: ट्रंप का अवैध प्रवासियों आॅफर, 2.7 लाख लो और अमेरिका से बाहर जाओ

