सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार एक बार फिर से बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। जानकारों का मानना है कि इस गिरावट के पीछे नीतिगत बदलावों, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और लगातार भू-राजनीतिक अनिश्चितता के जटिल मिश्रण ही सबसे बड़ा कारण रहा। इसके सथ ही विदेशी निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली के चलते लगातार की जा रही बिकवाली और रुपए की गिरती साख ने भी भारतीय शेयर बाजार पर नकारात्मक प्रभाव डाला है। इसी के चलते भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ।
इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,690.23 अंक या 2.25 प्रतिशत गिरकर 73,583.22 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 1,739.04 अंक या 2.31 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 73,534.41 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 486.85 अंक या 2.09 प्रतिशत गिरकर 22,819.60 पर बंद हुआ।
इन कंपनियों के शेयर सबसे ज्यादा गिरे
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सबसे ज्यादा 4.55 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, उसके बाद इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, स्टेट बैंक आॅफ इंडिया, इटरनल और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में भी गिरावट आई।
रुपया अपने अब तक के निचले स्तर पर पहुंचा
विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और मजबूत होते डॉलर के दबाव में भारतीय मुद्रा में भारी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 94.18 पर खुला और पहली बार 94.50 का स्तर पार करते हुए 89 पैसे की भारी गिरावट के साथ 94.85 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ।
इससे पहले बुधवार को यह 93.96 पर बंद हुआ था (गुरुवार को रामनवमी के कारण बाजार बंद थे)। अंतर-दिवसीय कारोबार में रुपया 74 पैसे गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.70 के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया। शुरूआती कारोबार में रुपया 28 पैसे गिरकर 94.24 के नए निचले स्तर पर आ गया। यह लगातार तीसरे सत्र में रुपये में गिरावट दर्ज की गई है, जो बुधवार और मंगलवार को भी तेजी से टूटा था।

