सेंसेक्स में 780 और निफ्टी में 263 से ज्यादा अंक की गिरावट
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा रूस से व्यापारिक संबंध रखने वाले देशों पर 500 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने मात्र के बयान से ही भारतीय शेयर बाजार दहल गया है। इस सप्ताह के शुरुआत से ही शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी है। जोकि गुरुवार तक जारी रहा। आज सप्ताह का अंतिम कारोबारी दिन है और यह देखना होगा की आज शेयर बाजर की दशा और दिशा क्या होगी।
आपको बता दें कि भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को लाल निशान पर बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में व्यापक बिकवाली के दबाव के बीच संभावित अमेरिकी टैरिफ बढ़ोतरी को लेकर नई चिंताओं के चलते बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में लगभग 1 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई। विश्लेषकों का कहना है कि विदेशी निधियों की निरंतर निकासी के बीच धातु, तेल और गैस व कमोडिटी शेयरों में भारी नुकसान ने दबाव को और बढ़ा दिया है।
इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 780.18 अंक या 0.92 प्रतिशत गिरकर 84,180.96 अंक पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 851.04 अंक या 1 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 84,110.10 पर पहुंच गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 263.90 अंक या 1.01 प्रतिशत गिरकर 25,876.85 पर बंद हुआ।अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 8 पैसे गिरकर 89.95 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
इस तरह रहा प्रमुख शेयरों का प्रदर्शन
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से लार्सन एंड टुब्रो, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील और ट्रेंट सबसे पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल थीं। दूसरी ओर, इटरनल, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स को लाभ हुआ।
बाजार की गिरावट पर विशेषज्ञों की राय
शेयर बाजार में गिरावट को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी टैरिफ को लेकर नई चिंताओं और लगातार विदेशी निवेश निवेशकों (एफआईआई) की निकासी के बीच सतर्कता का रुख अपनाने से घरेलू बाजारों में गिरावट जारी रही, जिससे आय वृद्धि को लेकर आशावाद धूमिल हो गया। वहीं एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक ऊंचा रहा, जबकि जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक नीचे बंद हुए। यूरोप के बाजारों में मामूली गिरावट देखी गई। बुधवार को अमेरिकी बाजार अधिकतर गिरावट के साथ बंद हुए।
ये भी पढ़ें : Business News : अब वेनेजुएला से तेल खरीदेगी रिलायंस इंडस्ट्री

