पाकिस्तान की तरफ से आए, सेना ने वापस खदेड़ा, पिछले दिनों सांबा एरिया में गिराए थे हथियार
Jammu-Kashmir News (द भारत ख़बर), राजौरी : धुंध और खराब मौसम के बीच पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ की कोशिश लगातार जारी है। एक तरफ जहां वह पहाड़ी एरिया में आतंकवादियों की घुसपैठ कराने की कोशिश में लगा रहता है तो वहीं मैदानी क्षेत्रों में वह ड्रोन के माध्यम से इस तरह की नापाक हरकत करता है। ऐसी ही एक नापाक हरकत जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में की गई। यहां पर रात के अंधेरे में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए। भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के निकटवर्ती लंगर और गणया क्षेत्र में इन ड्रोनों को देखा गया।
भारतीय सेना ने की फायरिंग
सीमा पर तैनात भारतीय सेना के सतर्क जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस नापाक हरकत को विफल कर दिया। जवानों ने पाकिस्तानी ड्रोनों पर फायर किया, जिसके बाद वे वापस लौट गए। हालांकि, इस घटना की सेना द्वारा आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है।
9 जनवरी को सांबा सेक्टर में गिराए थे हथियार
ज्ञात रहे कि बीती 9 जनवरी को जम्मू के सांबा एरिया में देर रात पाकिस्तान की तरफ से आए ड्रोन ने हथियारों की खेप गिराई। यह खेप सांबा सेक्टर के गांव पलूरा के नजदीक गिराई गई। हालांकि खराब मौसम का फायदा उठाते हुए ड्रोन तो पाकिस्तानी सीमा में सुरक्षित जाने में कामयाब रहा लेकिन मुस्तैद सुरक्षा बलों ने गिराए गए हथियारों की खेप जब्त कर ली।
स्थानीय निवासियों ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि देर रात करीब दो मिनट तक गांव पलूरा के ऊपर एक संदिग्ध ड्रोन उड़ते हुए देखा। ड्रोन के गायब होने के तुरंत बाद, स्थानीय पुलिस और सुरक्षाबलों को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही, सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी और एक व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
सर्च आॅपरेशन के दौरान, सुरक्षाबलों ने ड्रोन के माध्यम से गिराए हथियार जब्त किए जिनमें 2 पिस्टल, 1 हैंड ग्रेनेड, 3 मैगजीन लगभग 16 पिस्टल राउंड थे। घटना के बाद, सांबा जिले के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर कड़ी नजर रख रही हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाने के लिए लगातार गश्त कर रही हैं।
ये भी पढ़ें : Weather Update : शीत लहर की चपेट में आया समूचा उत्तर भारत

