टीएमसी ने की सुवेंदु अधिकारी के बयान की आलोचना
Suvendu Adhikari, (द भारत ख़बर), कोलकाता: पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि बांग्लादेश को गाजा जैसा सबक सिखाना चाहिए। इस संबंध में सुवेंदु अधिकारी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने 100 करोड़ हिंदुओं का हवाला देते कहा कि बांग्लादेश को गाजा जैसा सबक सिखाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने जैसे आॅपरेशन सिंदूर कर पाकिस्तान को सबक सिखाया था।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में हिंदू युवकों की हत्या और अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमलों के विरोध में देशभर में प्रदर्शन जारी हैं। शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हिंदू संगठनों ने बांग्लादेश डिप्टी हाई कमीशन तक रैली निकाली और उसके सामने प्रदर्शन किया। इस रैली में बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी भी 1000 साधु-संतों के साथ शामिल हुए थे। दरअसल बांग्लादेश के ढाका में 18 दिसंबर को दीपू चंद्र दास और 24 दिसंबर को बांग्लादेश के राजबाड़ी अमृत मंडल नाम के युवकों की भीड़ ने हत्या कर दी थी। अमृत को भीड़ ने जबरन वसूली के आरोप में मार डाला।
सुवेंदु अधिकारी ने एक बार फिर अपनी फासीवादी सोच दिखाई
वहीं बंगाल सीएम ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने उनकी आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा ने नफरत और कट्टरता को अपनी पहचान बना लिया है। टीएमसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा- सुवेंदु अधिकारी ने एक बार फिर अपनी फासीवादी सोच दिखाई है। सुवेंदु का कहना है कि बांग्लादेश को वैसा सबक सिखाना चाहिए जैसा इजराइल ने गाजा को सिखाया था, वे मुसलमानों का नरसंहार की बात कह रहे हैं।
सुवेंदु का बयान नफरत भरा
टीएमसी ने लिखा- सुवेंदु का बयान नफरत भरा है, जिसमें लोगों की जान लेने और किसी समुदाय को खत्म करने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद हिटलर बन रहे सुवेंदु के खिलाफ कोई एफआईआर नहीं। कोई गिरफ्तारी नहीं। कोई केस नहीं हुआ। यूएपीए भी नहीं लगाया गया।
ये भी पढ़ें: विदेश नीति भाजपा या कांग्रेस की नहीं, देश की होती है, प्रधानमंत्री का हारना भारत के हारने जैसा: शशि थरूर

