पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के चलते आया मौसम में बदलाव, पहाड़ों में बारिश, बर्फबारी, मैदानों में हवाओं के साथ बौछार
Weather Update Today (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : उत्तर भारत का मौसम एक बार फिर से बदल चुका है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते बुधवार को जहां पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के साथ हल्की बारिश का दौर चला वहीं मैदानों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ी। मौसम के इस बदलाव से जहां पिछले कुछ दिन से बढ़ रहे तापमान पर आंशिक रूप से ब्रेक लगी वहीं आने वाले दो दिन तक मौसम इसी तरह से परिवर्तनशील बना रहने की उम्मीद भारतीय मौसम विभाग ने जताई है।
इस दौरान कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी दर्ज की जा सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा अपडेट के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान और उससे सटे पश्चिमी राजस्थान के ऊपर चक्रवाती हवा के झोंके के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर निचले क्षोभमंडल स्तर पर भी चक्रवात के रूप में हवाएं चल रही हैं, वहीं पूर्वी मध्य अरब सागर से लेकर मध्य प्रदेश तक, गुजरात और दक्षिणपूर्वी राजस्थान से होते हुए एक निम्न दबाव का क्षेत्र फैला हुआ है।
इस तरह रहा उत्तर भारत का मौसम
जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फरबाद और उत्तराखंड में बुधवार को हल्की बारिश और बर्फबारी हुई। वहीं, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश हुई और कुछ जगहों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं। पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तरी गुजरात में भी गरज के साथ बारिश हुई और हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर ओले भी गिरे। आईएमडी ने पहले ही हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए आॅरेंज अलर्ट जारी किया था।
तापमान में बना रहेगा उतार-चढ़ाव
आईएमडी ने अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई है। अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। जबकि अधिकतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। आईएमडी के अनुसार, उत्तराखंड में 19 फरवरी को उत्तराखंड में कुछ जगहों पर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना है। अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में गरज, बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हवाएं चलने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : पीएम मोदी आज करेंगे इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन का उद्घाटन

