ईमेल से भेजी धमकी, राज्यपाल की सुरक्षा बढ़ाई
West Bengal Crime News (द भारत ख़बर), कोलकाता : पश्चिम बंगाल में उठे सियासी तुफान के बीच पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की टेंशन उस समय बढ़ गई जब किसी अज्ञात ने ईमेल के माध्यम से राज्यपाल सीवी आनंद बोस को जान से मारने की धमकी दी। धमकी मिलते ही राजभवन की सुरक्षा में जुटे कर्मियों को अलर्ट कर दिया गया और राजभवन की सुरक्षा और भी पुख्ता कर दी गई। राजभवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार रात को एक ईमेल के जरिए राज्यपाल को जान से मारने की धमकी मिली, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।
ईमेल में एक मोबाइल नंबर भी मिला
राजभवन के अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने ईमेल में अपना मोबाइल नंबर भी दिया है। हमने डीजीपी को सूचित कर दिया है और उनसे उस व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार करने को कहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी इस बारे में सूचित कर दिया गया है। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी जानकारी दी गई है। ज्ञात रहे कि बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है और उनकी सुरक्षा के लिए करीब 60-70 केंद्रीय सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। पुलिस भी हाई अलर्ट पर है।
बीते कल सात राज्यों को मिली थी धमकी
ज्ञात रहे कि बीते रोज 7 राज्यों के 11 कोर्ट कॉम्पलैक्स को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। यह धमकी ई-मेल के जरिए मिली थी, जिन राज्यों के कोर्ट कॉम्पलैक्स को उड़ाने की धमकी दी गई थी। उनमें, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कोर्ट परिसर शामिल हैं। जैसे ही धमकी भरा ई-मेल मिला, तुरंत कोर्ट परिसर खाली करा लिए गए।
पुलिस की टीमें और डॉग स्क्वाड जांच के लिए पहुंची लेकिन जांच में ऐसा कुछ नहीं मिला। लेकिन फिर भी सुरक्षा एजेंसियां इन ईमेल को लेकर चौकस हैं और किसी तरह की लापरवाही नहीं बरत रहीं। हालांकि सभी जगह दहशत का माहौल रहा। पंजाब के फिरोजपुर, मोगा, रोपड़ जिला अदालत को भी थ्रेट कॉल आई। वहीं, हिमाचल हाईकोर्ट को भी धमकी मिली। इससे वहां दहशत का माहौल रहौ। पंजाब पुलिस के सूत्रों के मुताबिक जिला एवं सेशन जज की मेल पर यह धमकी आई थी।

