मौसम रहेगा परिवर्तनशील, बर्फबारी, बारिश और घने कोहरे का अलर्ट
Weather Update Today (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : देश का मौसम विशेषकर उत्तर भारत का लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है। 20 जनवरी के बाद से लगातार बर्फबारी, बारिश और घने कोहरे का प्रभाव उत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में दिखाई दिया है। मौसम लगातार बदल रहा है। ऐसा आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार आने वाले सात दिन में तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं जो उत्तर भारत के मौसम में लगातार बदलाव लाते रहेंगे। इस दौरान एक तरफ जहां पहाड़ों में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी रहेगा वहीं मैदानी हिस्सों में अभी कोहरा अपना असर दिखाएगा।
इस तरह रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार गत दिवस यानी तीन फरवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ पंजाब और हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय हो चुका है। इसके साथ ही ऊपरी वायुमंडल में एक ट्रफ भी प्रभावी बना हुआ है। पांच फरवरी की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय को प्रभावित कर सकता है। इन मौसमी प्रणालियों के संयुक्त असर से उत्तर भारत में कहीं हल्की बारिश, कहीं बर्फबारी, तो कहीं घना कोहरा देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड में तीन फरवरी से मौसम फिर करवट लेता दिख रहा है। 2,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। गंगोत्री, बद्रीनाथ और केदारनाथ में ताजी बर्फ गिरने के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर में कोहरे का अलर्ट
दिल्ली और आसपास के इलाकों में घने कोहरे को देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका है। चालकों को धीमी गति से और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी गई है। वहीं, बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे की संभावना जताई गई है। कोहरे के कारण दृश्यता घटने से सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ जाता है।
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर में इस तरह रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर जारी है और ठंड का प्रकोप बना हुआ है। किन्नौर, चंबा और लाहौल-स्पीति में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं कश्मीर में श्रीनगर सहित कुछ इलाकों में में बर्फबारी हुई है। पहलगाम और गुलमर्ग में दिन का पारा माइनस में पहुंच गया। बारिश से दिन में सर्दी बढ़ गई है।

