गैस लेकर इसी हफ्ते पहुंचेंगे भारत
Israel Vs Iran War, (द भारत ख़बर), तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: 94 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर भारत आ रहे 2 टैंकरों ने होर्मुज स्ट्रेट पार कर लिया है। सरकार के मुताबिक, ये दोनों टैंकर इसी हफ्ते मुंबई पहुंच सकते हैं। इससे पहले 4 भारतीय झंडे वाले एलपीजी टैंकर भी इस अहम समुद्री रास्ते को पार कर चुके हैं, जबकि 3 अन्य अभी पश्चिमी हिस्से में हैं। इन जहाजों को भारतीय नौसेना सुरक्षा दे रही है।
सरकार ने बताया कि कुल 18 भारतीय जहाज और 485 भारतीय नाविक अभी भी इस क्षेत्र में मौजूद हैं। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा एलपीजी आयातक है। देश की करीब 60% जरूरत आयात से पूरी होती है, जिसमें से 90% मिडिल ईस्ट से आता है।
ईरान जंग पर 4 देशों की बैठक खत्म
ईरान जंग को लेकर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में मिस्र, सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की बैठक खत्म हो गई है। दिनभर चली इस बैठक में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष को कम करने और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान से अलग से मुलाकात की। इस दौरान पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और आईएसआई प्रमुख भी मौजूद रहे। बैठक के बाद एक संयुक्त बयान जारी होने की उम्मीद है, जिसमें आगे की रणनीति को लेकर जानकारी दी जा सकती है।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में ट्रम्प के खिलाफ 3,300 जगह प्रदर्शन, 80 लाख लोगों ने निकाला मार्च

