- सोमवार तक कम से कम 21 घर जलने की जानकारी
Fresh Violence In Manipur, (द भारत ख़बर), इंफाल: मणिपुर के उखरुल और कामजोंग जिलों में फिर हिंसा भड़क गई है। पुलिस के अनुसार जिले के लिटन सारेखोंग इलाके (Liton Sarekhong area) में तांगखुल नागा समुदाय (Tangkhul Naga community) के एक सदस्य पर कथित हमले को लेकर हिंसा की नई घटना सामने आई है। पुलिस ने बताया कि आज सुबह कई खाली घरों (abandoned houses) में आग लगा दी गई और गोलियां चलाई गईं, जिसके बाद राज्य सरकार ने जिले में पांच दिन के लिए इंटरनेट सर्विस बंद कर दी।
हथियारबंद लोगों ने खाली घरों में लगाई आग
मणिपुर के मंत्री गोविंददास कोंथौजम ने सोमवार को कहा था कि कम से कम 21 घर जल गए हैं और हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। सूत्रों से मंगलवार को प्राप्त सूचना के अनुसार कम से कम 30 घर जल गए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, तांगखुल नागा संगठनों के उखरुल और कामजोंग जिलों में कुकी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने के एक दिन बाद ताजा हिंसा हुई है। उन्होंने कहा, हथियारबंद लोगों ने लिटन सारेखोंग में खाली घरों में आग लगा दी और कई राउंड गोलियां चलाईं।
फायरिंग रोकने में नाकामी के लिए सुरक्षा बलों से भिड़े लोग
अधिकारी ने कहा, स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और सुरक्षा बल काबू में करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मणिपुर सरकार ने एहतियात के तौर पर उखरुल जिले के रेवेन्यू इलाके में 5 दिन के लिए ब्रॉडबैंड, वीसैट (VSAT) और वीपीएन (VPN) के ज़रिए इंटरनेट सेवाओं सहित इंटरनेट को सस्पेंड करने का आदेश दिया। स्थानीय लोग इलाके में फायरिंग रोकने में कथित नाकामी के लिए सुरक्षा बलों से भिड़ गए। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो क्लिप में पहाड़ी इलाके में घना धुआं भरा हुआ दिख रहा है।
सुरक्षित जगह जा रहे औरतें, बच्चे और बुज़ुर्ग
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कुकी और तांगखुल नागा के सैकड़ों गांववाले पिछले दो दिनों से लिटन सारेखोंग और आसपास के कुकी गांवों से भागकर कांगपोकपी और उखरुल ज़िलों में सुरक्षित जगहों पर जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार इनमें ज़्यादातर औरतें, बच्चे और बुज़ुर्ग हैं। अधिकारी ने कहा, कई गांववालों ने कुकी-बहुल कांगपोकपी ज़िले के मोटबंग और सैकुल के कुछ हिस्सों में शरण ली है।
ये भी पढ़ें : Manipur Violence Update: मणिपुर में नई सरकार गठन के बाद हिंसा भड़की

