Intelligence Alerts, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) के राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लाल किले के आसपास व चांदनी चौक इलाके में हमले की आशंका है। सूत्रों के मुताबिक इस संबंध में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली में इंटेलिजेंस अलर्ट जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि लश्कर भारत में एक बड़े हमले की योजना बना सकता है।
धार्मिक जगहों पर हमला करने की साजिश
खूफिया इंटेलिजेंस सूत्रों का कहना है कि लश्कर लाल किले के आसपास व चांदनी चौक के कुछ हिस्सों सहित खास धार्मिक जगहों पर हमला करने की साजिश कर रहा है। वह एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) हमले की साजिश रच रहा हो सकता है और चांदनी चौक इलाके में एक मंदिर उसका संभावित टारगेट हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि आतंकी संगठन कथित तौर पर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित एक मस्जिद में 6 फरवरी को हुए धमाके का बदला लेना चाहता है।
मस्जिद में हुए धमाके का बदला लेना मकसद
खुफिया सूत्रों के अनुसार लश्कर-ए-तैयबा 6 फरवरी को इस्लामाबाद स्थित एक मस्जिद में हुए धमाके का बदला लेने के लिए भारत में आईईडी हमले की साजिश रच रहा है। लाल किले के सामने लश्कर के धमाके की आशंका है। वह देश में दूसरी जह भी बड़े मंदिरों को निशाना बना सकता है, जिससे पता चलता है कि प्रमुख धार्मिक स्थान अभी भी ग्रुप के रडार पर हैं।
10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास हुआ था बड़ा धमाका
गौरतलब है कि पिछले साल 10 नवंबर को दिल्ली में ऐतिहासिक लाल किले के पास हुए कार में जबरदस्त विस्फोट हुआ था और इसमें 12 लोग मारे गए थे। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास विस्फोटकों से भरी एक कार में ब्लास्ट हुआ था और वहां आसपास की कई गाड़ियों में आग लग गई थी।
45 दिन बढ़ाया है एनआईए जांच का समय
हाल ही में, पटियाला हाउस कोर्ट की एक स्पेशल राष्टÑीय जांच एजेंसी (एनआईए) की अदालत ने 13 फरवरी को नवंबर-2025 के दिल्ली धमाका मामले की जांच पूरी करने के लिए जांच का समय और 45 दिन बढ़ाया है। एनआईए ने जांच पूरी करने के लिए 90 दिन का एक्सटेंशन मांगा था। इस बीच, एनआई की अदालत ने 7 आरोपियों की ज्यूडिशियल कस्टडी 13 मार्च तक बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें : Red Fort Blast Live Updates: कार पर केंद्रित जांच, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

