कहा, 2044 तक भारत 25-30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन सकता है
India GDP Growth (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि भारत की आर्थिक क्षमता लगातार बढ़ रही है। हम विपरीत स्थितियों में भी मजबूती से अपना विकास लक्ष्य हासिल कर रहे हैं और पूरी दुनिया हमारी विकास गति से चकित है। गोयल ने भरोसा जताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अगले 2 से 3 वर्षों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के 2014 के उस आंकलन को खारिज किया जिसमें भारत के लिए तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की समयसीमा 30 वर्ष बताई गई थी। गोयल के मुताबिक, मौजूदा प्रयासों के साथ यह लक्ष्य कहीं पहले हासिल होगा।
विकसित भारत की राह पर देश तेजी से बढ़ रहा
उद्योग मंत्री ने आगे कहा कि 2044 तक भारत 25-30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन सकता है और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के तहत 30 ट्रिलियन डॉलर+ अर्थव्यवस्था बनने की राह पर देश मजबूती से आगे बढ़ रहा है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत की आर्थिक क्षमता को 4-4.5 प्रतिशत की सीमित वृद्धि से जोड़ने वाली धारणा अब बीते दौर की बात है। वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम 2025 में बोलते हुए उन्होंने उन लोगों पर निशाना साधा जिन्होंने लंबे समय तक भारत की नियति को धीमी वृद्धि से जोड़कर देखा।
पहली सरकारों की धारणा बन चुकी थी कम विकास दर
गोयल ने कहा कि पहले भारत की कम वृद्धि दर को हिंदू रेट आॅफ ग्रोथ कहा जाता था, एक शब्दावली जिसे अर्थशास्त्री राज कृष्ण ने 1970 के दशक के अंत में गढ़ा था। यह स्वतंत्रता के बाद 1950 से 1980 के बीच 3-4% की औसत जीडीपी वृद्धि को दर्शाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की कांग्रेस और कांग्रेस-नेतृत्व वाली यूपीए सरकारों के दौरान यह धारणा बन गई थी कि सरकार चाहे जो हो, देश 4-4.5% से तेज नहीं बढ़ सकता।
मंत्री ने कहा कि उस दौर में सरकारी हस्तक्षेप अधिक था, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की पकड़ कमजोर रही और चुनिंदा हितों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 2004 से 2014 के बीच यूपीए सरकार ने आर्थिक और मुद्रास्फीति की स्थिति को कमजोर किया। उन्होंने कहा कि ह्लहमने 4% महंगाई और 8% वृद्धि सौंपी थी, जिसे उलटकर 4% वृद्धि और 8% महंगाई कर दिया गया।
ये भी पढ़ें : Business News Hindi : ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दहलीज पर भारत : मुकेश अंबानी

