एक दिन की बढ़त के बाद फिर दहला शेयर बाजार, सेंसेक्स 1342, निफ्टी 394 अंक से ज्यादा गिरा
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय शेयर बाजार पश्चिम एशिया में जारी तनाव से उभर नहीं पा रहा। पिछले चार में से तीन कारोबारी सत्र में शेयर बाजार में भारी गिरावट दिखाई दी। इस दौरान सेंसेक्स तीनों दिन एक हजार से ज्यादा अंक टूटा। जबकि निफ्टी भी कुल मिलाकर एक हजार से ज्यादा अंक नीचे आया। इस तरह बड़ी गिरावट के चलते निवेशकों को लाखों करोड़ रुपए की चपत लग चुकी है। बुधवार को भी शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी लगभग दो प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं दूसरी तरफ भारतीय मुद्रा रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 16 पैसे गिरकर 92.01 पर बंद हुआ।
इस तरह रहा सेंसेक्स और निफ्टी का हाल
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,342.27 अंक या 1.72 प्रतिशत गिरकर 76,863.71 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 1,446.72 अंक या 1.84 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 76,759.26 पर पहुंचा। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 394.75 अंक या 1.63 प्रतिशत गिरकर 23,866.85 पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, ट्रेंट, भारती एयरटेल और कोटक महिंद्रा बैंक प्रमुख रूप से पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल थीं। सन फार्मा और एनटीपीसी को लाभ हुआ।
इस तरह रहा विश्व के प्रमुख बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में, जापान का निक्केई 225 सूचकांक 1.43 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक 1.40 प्रतिशत चढ़ गया। शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक भी सकारात्मक दायरे में बंद हुआ, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट के साथ समाप्त हुआ। यूरोप के बाजारों में गिरावट देखी गई।
सोने और चांदी में आई गिरावट
बुधवार को सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट के साथ कारोबार शुरू हुआ। ऊर्जा बाजार में बढ़ती अस्थिरता का असर कीमती धातुओं पर भी दिखाई दे रहा है। चांदी की कीमत 1560 रुपये गिरकर 2.75 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोने का भाव 560 रुपये गिरकर 1.63 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज के अनुसार, अप्रैल डिलीवरी के लिए पीले धातु की कीमत में 853 रुपये या 0.52 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 7,529 लॉट के कारोबार में 1,62,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई।

