मौसम विभाग ने बताया किन राज्यों में दोबारा होगा ठंड का अहसास
Weather Update Today (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : वर्तमान में देश का मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है। इस समय देश में कई तरह के मौसमी चक्र एक्टिव हैं जिससे यह परिवर्तनशील बना हुआ है। इस समय देश के उत्तरी हिस्से यानी उत्तर भारत में मौसम लोगों को सबसे ज्यादा हैरान कर रहा है। यहां पर समय से पहले गर्मी आ चुकी है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही तापमान 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
मैदानों के साथ-साथ पहाड़ों में भी पारा ऊपर की तरफ चढ़ रहा है। इसी बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 26 फरवरी से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में 26 से 28 फरवरी के बीच हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग ने यह बताया
मौसम विभाग के अनुसार, यह पश्चिमी विक्षोभ कमजोर प्रकृति का होगा, इसलिए भारी बारिश या व्यापक बर्फबारी की संभावना नहीं है। आज 25 फरवरी को ओडिशा, गंगा तटीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तेलंगाना में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। इसके अलावा 25 और 26 फरवरी को मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
पंजाब, हरियाणा, यूपी में गर्मी
उत्तर भारत में तापमान में तेजी से वृद्धि दर्ज की जा रही है। पंजाब, हरियाणा, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कई जगह तापमान 27-28 डिग्री तक पहुंच चुका है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार इन राज्यों में आने वाले दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री और इजाफा होन की संभावना है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि इस बार समय से पहले गर्मी दस्तक दे सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों के दौरान अभी और गर्मी बढ़ेगी और अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शिमला, मनाली और धर्मशाला में दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस की गई।

