Women Day-2026, नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (International Women Day) के मौके पर आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य कई नेताओं शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा कि शिक्षित और सशक्त महिलाएं किसी भी प्रगतिशील राष्ट्र की असली स्तंभ होती हैं। उन्होंने लिखा, ‘नारी शक्ति’ जब अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करती है और साहस व हौसले के साथ नेतृत्व करती है, तो यह समाज को अधिक समृद्ध व समावेशी बनाती है।
प्रत्येक महिला को मिले बराबर अवसर
राष्ट्रपति ने लिखा, आइए महिला दिवस के मौके पर हम एक बार फिर यह प्रतिबद्धता दोहराएं कि हम ऐसा समाज बनाएंगे जहां प्रत्येक महिला को बराबर अवसर मिले। इसके अलावा उन्हें सुरक्षा, सम्मान व स्वतंत्रता मिले। मुर्मू ने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षित व सशक्त महिलाएं ही किसी भी देश की प्रगति की मजबूत नींव हैं। राष्ट्रपति ने सभी से मिलकर ऐसा वातावरण बनाने का आह्वान किया, जहां महिलाओं की आकांक्षाओं व उनकी उपलब्धियों से एक समान तथा न्यायपूर्ण भविष्य आकार ले सके।
‘नारी शक्ति’ को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘नारी शक्ति’ को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा, भारत की महिलाएं हर क्षेत्र में रचनात्मकता, दृढ़ संकल्प और अतुलनीय उत्साह के साथ देश की प्रगति को आकार दे रही हैं। भारतीय ‘नारी शक्ति’ की उपलब्धियां देश के लिए गर्व का स्रोत हैं। उनकी उपलब्धियां हमारे राष्ट्र को प्रेरित करती हैं। साथ ही महिलाओं की उपलब्धियां ‘विकसित भारत’ के निर्माण के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को सशक्त बनाती हैं।
सशक्तिकरण सरकार की विभिन्न योजनाओं व पहलों के केंद्र में
प्रधानमंत्री ने कहा, महिलाओं का सशक्तिकरण उनकी सरकार की विभिन्न योजनाओं व पहलों के केंद्र में है। सरकार हर महिला को अपनी पूरी क्षमता को पहचानने तथा भारत के विकास के सफर में योगदान देने के लिए मौका देने को बचनबद्ध है। पीएम ने कहा, जैसे-जैसे भारत आगे बढ़ेगा, महिलाओं की आकांक्षाएं व योगदान देश के सामूहिक विकास तथा समृद्धि की दिशा में मार्गदर्शन करते रहेंगे।
नई पीढ़ियों को संवारती हैं महिलाएं : अमित शाह
अमित शाह ने लिखा, महिलाएं न केवल नई पीढ़ियों को संवारती हैं, बल्कि वैज्ञानिक ङ्म आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। राहुल गांधी ने कहा कि महिलाओं का आत्मविश्वास व उनके बड़े सपने समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने की ताकत रखते हैं।

