कहा- ये लाइक जानबूझकर नहीं किया गया था, बल्कि शायद गलती से क्लिक हो गया होगा
Yami Gautam, (द भारत ख़बर), मुंबई: बॉलीवुड गलियारों में इन दिनों अवॉर्ड्स और एक्ट्रेस की आपसी खींचतान को लेकर जबरदस्त हलचल है। मामला तब गरमा गया जब यामी गौतम के एक इंस्टाग्राम लाइक ने इंटरनेट पर तेरे इश्क में फेम कृति सेनन और हक एक्ट्रेस यामी गौतम के बीच कोल्ड वॉर की चर्चा शुरू कर दी। लोग अंदाजा लगाने लगे कि क्या यामी, कृति की सफलता से खुश नहीं हैं? अब इस पूरे मामले पर खुद यामी गौतम ने सामने आकर दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है।
इंस्टाग्राम रील से शुरू हुआ मामला
ये पूरा मामला एक इंस्टाग्राम रील से शुरू हुआ। इस रील में एक तरफ कृति सेनन अपनी हालिया फिल्म तेरे इश्क में के लिए मिले जी सिने अवॉर्ड के साथ हाथ हिलाती नजर आ रही थीं। तो वहीं दूसरी तरफ यामी गौतम के एक पुराने इंटरव्यू का कोट लिखा था। रील में दोनों की फिल्मों, तेरे इश्क में और हक की तुलना की गई थी और कृति को मिले अवॉर्ड पर सवाल उठाए गए थे।
यामी ने जारी किया स्टेटमेंट
जब फैंस ने देखा कि इस रील को खुद यामी गौतम ने लाइक किया है, तो सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। कुछ ने इसे यामी का बड़प्पन बताया, तो कुछ ने इसे कृति के खिलाफ पीआर स्टंट करार दिया। विवाद को बढ़ता हुआ देख यामी गौतम ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की। उन्होंने इसे पूरी तरह से एक्सीडेंटल (गलती से हुआ) करार दिया।
इसे मुद्दा बनाना गलत
यामी ने लिखा, हमें रोज हजारों पोस्ट में टैग किया जाता है। ये रील भी एक अवॉर्ड फंक्शन के टैग के रूप में सामने आई थी। ये लाइक जानबूझकर नहीं किया गया था, बल्कि शायद गलती से क्लिक हो गया होगा। इसे मुद्दा बनाना गलत है।
इतना ही नहीं, यामी ने उन लोगों को भी करारा जवाब दिया जो इसे पब्लिसिटी स्टंट कह रहे थे। उन्होंने साफ कहा कि उनके पास कोई सस्ती पीआर टीम नहीं है और न वो कभी ऐसे हथकंडों पर भरोसा करती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज के क्लिकबेट के दौर में प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म भी छोटी बातों को गॉसिप बनाने से बाज नहीं आते।
अवॉर्ड्स पर यामी की पुरानी राय हुई वायरल
इस विवाद के बीच यामी का द हॉलीवुड रिपोर्टर को दिया एक पुराना इंटरव्यू फिर से चर्चा में आ गया है। इस इंटरव्यू में यामी ने अवॉर्ड सिस्टम पर अपनी बेबाक राय रखते हुए कहा था, मैंने अब वैलिडेशन मांगना छोड़ दिया है। ऐसा नहीं है कि अगर मुझे अवॉर्ड मिला तो मैं अच्छी एक्ट्रेस हूं और नहीं मिला तो मैं बुरी हूं। फिल्म इंडस्ट्री में चीजें इतनी सीधी नहीं होती हैं।
तेरे इश्क में और हक फिल्म के बारे में
तेरे इश्क में की बात करें तो आनंद एल राय के निर्देशन में बनी ये फिल्म रांझणा का सीक्वल मानी जा रही है। इसमें धनुष (शंकर) और कृति सेनन (मुक्ति) मुख्य भूमिका में हैं। ये फिल्म 28 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और कृति को इसी के लिए सराहा जा रहा है। हक के बारे में बात की जाए तो जंगली पिक्चर्स की इस फिल्म में यामी गौतम और इमरान हाशमी की जोड़ी दिखी।
फिल्म सुप्रीम कोर्ट के एक ऐतिहासिक फैसले पर आधारित है। फिल्म में यामी की संजीदा एक्टिंग की काफी तारीफ हुई है। फिलहाल यामी ने सफाई देकर मामले को शांत करने की कोशिश की है, लेकिन बॉलीवुड में अक्सर एक्सीडेंटल लाइक के पीछे गहरे मायने निकाले जाते हैं। अब देखना ये होगा कि कृति सेनन इस पर कोई प्रतिक्रिया देती हैं या फिर ये मामला यहीं रफा-दफा हो जाता है।

