विश्व कप टी20 में एक मात्र टीम जिसे ऑस्ट्रेलिया कभी नहीं हरा पाया
T20 World Cup 2026 (द भारत ख़बर), खेल डेस्क : टी20 विश्व कप 2026 को शुरू हुए एक सप्ताह ही हुआ है लेकिन इस एक सप्ताह में ही क्रिकेट प्रेमियों को इस खेल का चरम देखने को मिल गया है। इसमें सबसे बड़ी बात है कि कम अनुभवी टीमें क्रिकेट जगत की सबसे मजबूत टीमों को न केवल चुनौती दे रहीं है बल्कि पटखनी भी दे रहीं हैं। फिर चाहे वह दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच चले दो सुपर ओवर की बात हो या फिर नेपाल और इंगलैंड के बीच मैच का परिणाम अंतिम गेंद में निकलना हो।
कम अनुभवी टीमें इनपर भारी पड़ रहीं हैं। इसमें सबसे बड़ा अलटफेर कल जिम्बाब्वे ने करते हुए आॅस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर किया। इसके साथ ही वह टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास की इकलौती टीम बन गई है, जिसका आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ 100% जीत का रिकॉर्ड है। जिम्बाब्वे ने अब तक आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ 2 मैच खेले हैं और दोनों जीते हैं। इससे पहले 2007 में केपटाउन में खेले गए मुकाबले में आॅस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 138 रन बनाए थे। जवाब में जिम्बाब्वे ने 19.5 ओवर में 5 विकेट खोकर 139 रन बनाते हुए मैच जीत लिया था।
जिम्बाब्वे के इस गेंदबाज ने हासिल की उपलब्धि
ब्लेसिंग मुजरबानी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके साथ ही उनके टी-20 इंटरनेशनल में 100 विकेट पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले जिम्बाब्वे के तीसरे गेंदबाज बन गए।उनसे पहले रिचर्ड नगारवा और कप्तान सिकंदर रजा यह मुकाम हासिल कर चुके हैं। मुजरबानी का 4/17 का स्पेल टी-20 क्रिकेट में उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिम्बाब्वे का बेस्ट टी-20 स्कोर
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 क्रिकेट में जिम्बाब्वे ने अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी बनाया। टीम ने 2 विकेट खोकर 169 रन बनाए। इसके अलावा जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 151/9 (हरारे, 2018), 139/5 (केप टाउन, 2007) और 129/9 (हरारे, 2018) जैसे स्कोर भी बनाए हैं, हालांकि इनमें से दो मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा था।

