नई दिल्ली. भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर चुकी है. पहली पारी में 503 रन पर पारी घोषित करने के बाद मेजबान टीम के 8 विकेट झटक लिए थे. तीसरे दिन का खेल खत्म होने के समय श्रीलंका का स्कोर 265 रन पर 8 विकेट था. टीम को फॉलोऑन टालने के लिए अब भी 39 रन की जरूरत है. कोलंबो टेस्ट में खिलाड़ियों के बीच तीखी नोक झोंक का मामला सामने आ चुका है. इस बीच तीसरे दिन सरफराज खान ने मेजबान टीम के कप्तान धनंजय डि सिल्वा को बल्लेबाजी के दौरान छेड़ा और उनको समय बर्बाद करने का ताना मारा.
भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन मैदान पर कुछ मजेदार पल देखने को मिला. सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर मैदान पर उतरे सरफराज खान ने श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा से मस्ती की और उनको ताना मारा. शॉर्ट लेग पर खड़े भारतीय बल्लेबाज की बातें स्टंप माइक में कैद हो गईं. दरअसल धनंजय डी सिल्वा बॉल ओवर की शुरुआत होने से पहले समय बर्बाद कर रहे थे. इसे देखने के बाद सरफराज ने चुटकी ली. उन्हें छेड़ते हुए कहा कि अरे भाई इधर-उधर क्या देख रहे, ऐसे समय बर्बाद करने का क्या फायदा. तुम कप्तान हो भाई. डरने की क्या बात है, चलो बल्लेबाजी करे. हम सभी इंतजार कर रहे हैं.
500 runs on the board. 5,000 words from Sarfaraz Khan. 😂
Watch #SLvIND 2nd Test, LIVE NOW on Sony Sports Network TV channels & Sony LIV.#SonySportsNetwork #SonyLIV #BeautifulGameOfTestCricket pic.twitter.com/6MPlFveSUe
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) August 25, 2026
इस स्लेजिंग का फायदा भारतीय टीम को विकेट के रूप में मिला. गॉल टेस्ट में पंजा खोलने वाले मानव सुथार ने धनंजय डी सिल्वा को 8 रन पर आउट कर दिया. श्रीलंका के कप्तान को सुथार की बॉल समझ नहीं आई और वो बल्ले का किनारा लगा बैठे. बॉल उछली और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के दस्तानों से लगकर स्लिप में चली गई. केएल राहुल ने इस कैच पूरा किया.
श्रीलंका को पहली पारी में लगे झटकों से पसिंदु सूरियाबंडारा ने उबारा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 80 रन की पारी खेल डाली. रवींद्र जडेजा ने उनको क्लीन बोल्ड कर इस पारी का अंत किया. सूरियाबंडारा को पिछले मैच में चोटिल हुए दिनेश चांदीमल की जगह पर प्लेंइंग इलेवन में शामिल किया गया है. इसके बाद मोहम्मद सिराज ने निरोशन डिकवेला को शून्य पर आउट कर दिया. ध्रुव जुरेल ने उनका कैच लपका. श्रीलंका को सात झटके लगने के बाद नीचले क्रम के खिलाड़ियों ने बचाया. गॉल टेस्ट में रन बनाने वाले सोनल दिनुशा ने 85 रन की पारी खेली और तीसरे दिन नाबाद लौटे.

