नई दिल्ली. रणजी ट्रॉफी में मुंबई में जन्में चिन्मय सुतार ने ऐसा कारनामा कर दिखाया जो पिछले 78 साल से नहीं हुआ. उन्होंने सोमवार को रणजी ट्रॉफी में इतिहास रच दिया. मिजोरम की ओर से खेलते हुए 29 साल के सुतार ने नागालैंड के खिलाफ 517 गेंद पर नाबाद 400 रन की शानदार पारी खेली. उनकी इस मैराथन पारी में 46 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. इसके साथ ही वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में चौहरा शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय और दुनिया के 10वें बल्लेबाज बन गए.
नागालैंड के सोविमा स्थित नागालैंड क्रिकेट स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप के मुकाबले में सुतार ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया. यह उनका केवल दूसरा फर्स्ट क्लास मैच था. इस पारी के साथ उन्होंने रणजी ट्रॉफी में पृथ्वी शॉ के 379 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर अपने नाम कर लिया. रणजी ट्रॉफी में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अब भी महाराष्ट्र के बीबी निंबालकर के नाम है. उन्होंने 1948-49 में काठियावाड़ के खिलाफ नाबाद 443 रन बनाए थे. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 400 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में अब सुतार भी शामिल हो गए हैं. उनसे पहले निंबालकर यह उपलब्धि हासिल कर चुके थे. दुनिया के दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा और डॉन ब्रैडमैन भी इस खास क्लब का हिस्सा हैं.
400 not out. And not out of the history books anytime soon! 📖🔥
Chinmay Sutar’s 400* for Mizoram against Nagaland, featuring 46 fours and seven sixes, marks a historic moment in India’s domestic cricket. 🥵
[ Ranji Trophy, Chinmay Sutar ] https://t.co/5Y67GhQqo9
— Star Sports (@StarSportsIndia) October 19, 2026
मिजोरम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. सलामी बल्लेबाज साहिल रेजा केवल 4 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद ललहरुआइजेला ने 63 गेंदों पर 31 रन बनाए, लेकिन टीम का स्कोर 82 रन पहुंचने तक वह भी पवेलियन लौट गए. जोसेफ ललथनखुमा सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मनेंद्र सिंह ने 39 गेंदों पर 27 रन का योगदान दिया. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे चिन्मय सुतार ने एक छोर संभाले रखा. उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज जेहु एंडरसन के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की. एंडरसन ने 151 गेंद पर 69 रन बनाए और दोनों के बीच 168 रन की साझेदारी हुई. इसके बाद नागालैंड के गेंदबाजों ने वापसी की. अनिल गुप्ता ने 143 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि सौरव कुमार और नेइजेखो ने 2-2 विकेट हासिल किए. नागालैंड ने मिजोरम का स्कोर 314/4 से घटाकर 392/9 कर दिया.
नौ विकेट गिरने के बावजूद सुतार ने हार नहीं मानी. उन्होंने लालरेमपुइया छकछुआक के साथ आखिरी विकेट के लिए नाबाद 190 रन की साझेदारी की. छकछुआक ने 76 गेंदों पर नाबाद 14 रन बनाए, जबकि सुतार ने अपने 400 रन पूरे किए. सुतार के ऐतिहासिक 400 रन पूरे होते ही मिजोरम ने 154.1 ओवर में 9 विकेट पर 581 रन बनाकर पारी घोषित कर दी.

