सिंगापुर के प्रधानमंत्री ने जताया संदेश, कहा, लंबा खिंच सकता है यह तनाव
West Asia Crisis (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : फरवरी 28 को जब अमेरिका और इसराइल ने मिलकर ईरान पर हमला किया था तो शायद उन्होंने भी यह नहीं सोचा था कि उनके द्वारा शुरू किया गया युद्ध इतना ज्यादा लंबा खिंच जाएगा। युद्ध के दौरान न केवल तीनों देशों का नुकसान हुआ बल्कि ईरान के हमलों से कई अन्य देशों को भी नुकसान झेलना पड़ा। दूसरी तरफ ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने से विश्व सप्लाई चेन बुरी तरह से प्रभावित हो चुकी है। इसी बीच सिंगापुर के प्रधानमंत्री का बड़ा बयान आया है।
सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने कहा कि पश्चिम एशिया का यह संकट जल्दी खत्म होने वाला नहीं है और इसके आर्थिक नुकसान और बढ़ सकते हैं। वोंग ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट पिछले दो महीनों से बंद है, और इसका असर सिर्फ महंगाई तक सीमित नहीं है, बल्कि सप्लाई भी लगातार कम होती जा रही है। एशिया इस स्थिति से खास तौर पर प्रभावित हो रहा है, क्योंकि यहां के देश ऊर्जा और दूसरी जरूरी चीजों के लिए खाड़ी देशों पर बहुत ज्यादा निर्भर हैं।
कई देशों में ईंधन की कमी आई सामने
उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र के कुछ देशों में पहले से ही ईंधन की कमी देखने को मिल रही है। एयरलाइंस ने उड़ानें कम कर दी हैं। फैक्ट्रियों में देरी हो रही है और यह रुकावट सिर्फ ऊर्जा तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले समय में खाद, भोजन और दूसरी जरूरी चीजों पर भी असर पड़ेगा। हमें आगे और भी चीजों की कमी देखने को मिल सकती है।
इसलिए हालात सामान्य होने में लगेगा समय
वोंग ने आगे कहा कि भले ही होर्मुज स्ट्रेट फिर से खुल जाए, लेकिन हालात तुरंत सामान्य नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि इसकी वजह यह है कि बंदरगाहों और ऊर्जा से जुड़ी सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है, और समुद्री रास्तों से बारूदी सुरंगें (माइंस) हटाने में समय लगेगा। वोंग ने कहा कि सभी पक्षों को इस संवेदनशील मुद्दे पर जल्द और बड़े फैसले लेने होंगे ताकि जितनी जल्दी हो सके इस विवाद और युद्ध को समाप्त किया जा सके। ताकि दुनिया में एक नई मंदी को आने से रोका जा सके।

