
नई दिल्ली. टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में एक और शतक जमा दिया है. इसके साथ ही उनके महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के 100 शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ने की चर्चा फिर से जोर पकड़ने लगी है. उनका वनडे शतक क्रिकेट फैंस को पुराने दौर की याद दिला रहा है. एक मैच में उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़ डाले. अभी वेस्टइंडीज के खिलाफ इस सीरीज के दो मुकाबले बाकी है. पूर्व भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने उनके सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने पर अपनी राय दी.
विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले दिए इंटरव्यू में कहा कि वो 2027 का वर्ल्ड कप खेलकर संन्यास ले लेंगे. उन्होंने साफ तौर पर ये नहीं कहा लेकिन वनडे वर्ल्ड कप को आखिरी आईसीसी टूर्नामेंट बताया. उनके इंटरव्यू के बाद यह तय हो गया कि वो अगले साल इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं. ऐसे में उनके सामने एक बड़ा रिकॉर्ड अभी बाकी है. यह रिकॉर्ड है 100 इंटरनेशनल शतकों का.इसे महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 2012 में बनाया था.

पूर्व भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने भी हाल ही में विराट के इस लक्ष्य को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि जब विराट खुद पर दबाव डालते हैं, तब वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं. रहाणे के मुताबिक विराट के आदर्श सचिन तेंदुलकर रहे हैं. अगर वह 100 इंटरनेशनल शतकों के बारे में सोचते हैं तो इसमें कुछ गलत नहीं है. उनका कहना था कि विराट इस रिकॉर्ड को हासिल करने के बारे में सोचते हैं, तो इसे हासिल करने की क्षमता सिर्फ विराट में है.
कितनी पारियों की जरूरत?
वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को 139 रन की नाबाद पारी खेलने के बाद विराट कोहली के नाम 86 इंटरनेशनल शतक हो गए. उन्होंने टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल मिलाकर 630 पारियों में इन शतकों को लगाया है. सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने से विराट 15 शतक दूर हैं. करियर के औसत के हिसाब से उन्हें इसके लिए करीब 110 पारियों की जरूरत पड़ सकती है. कोहली अब भारत की तरफ से सिर्फ वनडे में ही खेलते हैं.
Ice in the veins + Fire in the bat = A vintage @imVkohli chase 🫡
RELIVE ▶️ https://t.co/3pd4F4He7P#TeamIndia | #INDvWI | @mflone_ pic.twitter.com/TPrDNw94Bv
— BCCI (@BCCI) September 27, 2026
वनडे में उनके 55 शतक 305 पारियों में आए हैं. इस हिसाब से हर 5.55 पारियों में उन्होंने एक शतकीय पारी खेली है. पिछले दो साल में उनका प्रदर्शन देखें तो 10 पारियों में चार शतक लगाए हैं. अगर वो इसी तरह से खेलते हैं तो 15 सेंचुरी लगाने के लिए उनको 38 पारियां की जरूरत होगी. हालांकि ये सिर्फ एक आंकलन है और इसे पक्का मानकर नहीं चल सकते.
भारत के पास कितने वनडे बाकी?
2027 वर्ल्ड कप में भारत फाइनल तक पहुंचता है तो टीम करीब 13 मैच खेल सकती है. एशिया कप के भी मुकाबले और बाकी द्वीपक्षीय सीरीज को मिलाकर देखें तो विराट के पास लगभग 30 वनडे मुकाबलों होंगे. भारत को वेस्टइंडीज से अभी 2 वनडे मैच खेलना है. इसके बाद न्यूजीलैंड के दौरे पर 5 मैचों की सीरीज खेली जाएगी. इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे मैच खेला जाना है. 100 इंटरनेशनल शतकों का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें इस दौरान लगभग हर दूसरी पारी में शतक लगाना होगा.
