नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में मंगलवार शाम अचानक हडकंप मच गया. यहां एक कार के अंदर दो पुलिसकर्मी संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश पाए गए. उन दोनों को स्थानीय लोगों ने पास के अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने पुलिसकर्मी की जांच शुरू की और कुछ देर बाद ही उनको मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई जिसके बाद इस मामले की जांच शुरू की गई. फिलहाल उन दोनों की मौत कैसे हुई इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है.
इस तरह से दो पुलिसकर्मियों रयस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में हडकंप मचा दिया. सूत्रों की माने तो यह घटना रामबन जिले की बटोत तहसील के सना इलाके की बताई जा रही है . मामला जियारत मोड़ के पास का है. यहां मंगलवार शाम करीब 8:30 बजे स्थानीय लोगों ने एक कार के अंदर दो पुलिसकर्मियों को अचेत अवस्था में देखा. दोनों के शरीर में कोई हलचल नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया.
मृतकों की पहचान हेड कांस्टेबल फरीद अहमद (408/Rbn) और सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल मोहम्मद याकूब (309/Rbn) के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक फरीद अहमद रामबन के भट्टी इलाके के रहने वाले थे जबकि मोहम्मद याकूब जाटगली, रामबन के निवासी थे. दोनों पुलिसकर्मी रामबन स्थित डिस्ट्रिक्ट पुलिस लाइंस (DPL) में तैनात थे.
पुलिस ने इस मामले को लेकर जो जानकारी दी है उसके मुताबिक दोनों पुलिसकर्मी Fiat Vias में बेसुध पाए गए थे. गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर JK-19/5299 बताया गया है. जिस तरह से दोनों को कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया वो अब भी अबूझ पहेली बनी हुई है. इस विषय को लेकर जांच चल रही है. पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई.
फिलहाल दोनों पुलिसकर्मियों के शवों को जिला अस्पताल रामबन में रखा गया है. यहां उनके शवों की मेडिको-लीगल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि दोनों पुलिसकर्मियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई. मौत का कारण पोस्टमार्टम और अन्य जांच के बाद ही सामने आने की उम्मीद की जा रही है.

