नई दिल्ली. क्रिकेट की दुनिया में ऐसे कई रिकॉर्ड है जिसे बनाने का मौका पूरे करियर के दौरान खिलाड़ी को मिलता है. एक रिकॉर्ड ऐसा भी है जिसके सिर्फ एक बार ही कोई भी खिलाड़ी बनाने का दावेदार होता है. हम बात कर रहे हैं डेब्यू मैच में बनाए जाने वाले कीर्तिमान की. वनडे क्रिकेट में ऐसे सिर्फ तीन ही गेंदबाज हुए हैं जिनके नाम पहले ही मुकाबले में हैट्रिक लेने का कारनामा दर्ज है. अफसोस की बात है कि अब तक ऐसा किसी भी भारतीय गेंदबाज ने नहीं किया है. किसी भी फॉर्मेट में डेब्यू पर कोई भारतीय हैट्रिक लेने में कामयाब नहीं हो पाया है.
इंटरनेशनल क्रिकेट में जब कोई खिलाड़ी कदम रखता है तो उसके ऊपर काफी दबाव होता है. कुछ ऐसे खिलाड़ी होते हैं जो दबाव में निखरकर सामने आते हैं. ऐसा ही नाम है श्रीलंका के तेज गेंदबाज शेहान मदुशंका का जिन्होंने अपने डेब्यू को हैट्रिक लेकर यादगार बना डाला. साल 2018 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने इंटरनेशनल क्रिकेट का डेब्यू करने उतरे. उन्होंने हैट्रिक लेकर इतिहास रचा दिया था. कमाल की बात यह रही कि उन्होंने अपने करियर के पहले दिन विकेट ही हैट्रिक के तौर पर हासिल किए.

मदुशंका इस खास लिस्ट में शामिल होने वाले पहले श्रीलंका के गेंदबाज नहीं थे. उनके पहले इस कारनामे को स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने अंजाम दिया था. इस फिरकी गेंदबाज ने भी अपने वनडे करियर के शुरुआती तीन विकेट हैट्रिक के जरिए हासिल किए थे. साल 2017 में हसरंगा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ गॉल के अपने घरेलू मैदान पर डेब्यू किया था. इस मैच में उन्होंने हैट्रिक लेकर रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराया था.

इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना नाम बनाने वाले और बल्लेबाजों के अंदर खौफ भरने वाले मौजूदा गेंदबाजों में साउथ अफ्रीका के कगिसो रबाडा भी आते हैं. इस गेंदबाज ने अपने करियर की शुरुआत ही कातिलाना गेंदबाजी के साथ की थी. उन्होंने वनडे डेब्यू पर हैट्रिक लेकर सनसनी मचा दी थी. उनके नाम से विरोधी बल्लेबाज वैसे ही खौफ खाते हैं क्योंकि वो वनडे डेब्यू से पहले ही टी20 इंटरनेशनल खेल चुके थे. उनके वनडे करियर का पहला तीन विकेट हैट्रिक है लेकिन इंटरनेशनल करियर की शुरुआत हैट्रिक से नहीं मानी जाएगी.

