यह देश रिंग आॅफ फायर नाम के सबसे ज्यादा भूकंप प्रभावित जोन में स्थित है
Mexico Earthquake, (द भारत ख़बर), चियापास: मेक्सिको के दक्षिणी राज्य चियापास के तट पर शुक्रवार को 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। अमेरिकी एजेंसी वरॠर के मुताबिक, भूकंप का केंद्र मेक्सिको के प्यूर्टो मडेरो शहर के पास था। यह 10 किलोमीटर की गहराई पर आया, जिससे आसपास के इलाकों में तेज झटकों की आशंका बढ़ गई है। भूकंप के झटके मेक्सिको के पड़ोसी देश ग्वाटेमाला और अल साल्वाडोर में भी महसूस किए गए।
फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है। इस भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। यूएस सुनामी वार्निंग सिस्टम ने इस क्षेत्र के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया है। 7.4 तीव्रता के भूकंप को ‘मेजर’ श्रेणी में रखा जाता है, जो बड़े पैमाने पर तबाही मचा सकते हैं।
समुद्र तट से दूर रहने की चेतावनी
भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे में तटीय इलाकों में खतरनाक सुनामी लहरें उठ सकती हैं। ऐसे में अमेरिकी प्रशांत तट के पास के इलाकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। लोगों को समुद्र तट से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा पहले से समुद्र में मौजूद जहाजों को तुरंत किनारों की ओर आने के निर्देश दिए गए हैं।
मेक्सिको में भूकंप आने का मुख्य कारण
मेक्सिको में भूकंप आने का मुख्य कारण पृथ्वी के अंदर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों (विवर्तनिक प्लेटों) का आपस में टकराना है। यह देश रिंग आॅफ फायर नाम के सबसे ज्यादा भूकंप प्रभावित जोन में स्थित है। मेक्सिको के नीचे मुख्य रूप से चार टेक्टोनिक प्लेटें मिलती हैं, जिनमें कोकोस प्लेट, उत्तरी अमेरिकी प्लेट, प्रशांत प्लेट और कैरेबियन प्लेट शामिल हैं। जब ये प्लेट आपस में टकराती हैं या एक दूसरे के नीचे खिसकती हैं, तो भारी दबाव के कारण पृथ्वी हिलती है, जिसे हम भूकंप कहते हैं।
ये भी पढ़ें: देश में अब तक सामान्य से 23% बारिश कम हुई

