मैदानों का गिरेगा पारा, कोहरा भी गहराएगा
Weather Update Today (द भारत ख़बर), नई दिल्ली। उत्तरी भारत विशेषकर पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते बर्फबारी, ओलावृष्टि और बारिश का दौर जारी रहा। मौसम के इस बदलाव से जहां पहाड़ी राज्यों में वहां के निवासियों की मुश्किलें बढ़ गई वहीं मैदानों राज्यों में भी सर्दी पहले से ज्यादा होगी। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आने वाले दिनों में मैदानी राज्यों में कोहरा बढ़ेगा और ठंड में भी इजाफा होगा। वहीं रविवार को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से सड़कों पर वाहन रेंगते रहे तो रेल यातायात के साथ विमानों का परिचालन भी प्रभावित हुआ। धुंध के कारण श्री माता वैष्णो देवी में कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा प्रभावित हुई।
तापमान में आएगी पांच डिग्री तक कमी
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा और शीतलहर चलती रहेगी। दिल्ली के लिए ठंड और कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से 1.3 डिग्री अधिक था, जबकि अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा में नारनौल तो पंजाब में गुरदासपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.2 और 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिमाचल में इन जगहों पर हुई बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा, धौलाधार की पहाड़ियों सहित लाहुल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ। रोहतांग व कुंजम दर्रे में आधा फीट हिमपात हुआ है। चुराह, भरमौर व चंबा में बूंदाबांदी हुई। वहीं जम्मू-कश्मीर घाटी के अन्य हिस्सों में भी तेज बारिश ने लोगों को बाहर नहीं निकलने दिया। जम्मू व कटड़ा में हल्की बारिश हुई है। बर्फबारी के कारण जिला राजोरी और पुंछ को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाले मुगल मार्ग पर एहतियातन यातायात को बंद कर दिया गया है। मौसम में आए बदलाव से घाटी में दिन के तापमान में गिरावट आई है, जबकि रात का बढ़ा है।
ये भी पढ़ें : Shri Mata Vaishno Devi Yatra : खराब मौसम के चलते श्री माता वैष्णो देवी यात्रा बाधित

