Bihar News: बिहार के जमुई जिले में नाबालिग से बदसलूकी के मामले में पुलिस की कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी बताए जा रहे नंदन यादव का एनकाउंटर हुआ है। एनकाउंटर में नंदन यादव के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल लाया गया है।
एक और आरोपी घायल
पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी हरेराम यादव के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। मामले में पुलिस की ओर से पहले ही SIT का गठन किया जा चुका है और कई आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
क्या था मामला?
जमुई में 19 सितंबर को नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की थी। पुलिस के मुताबिक मामले में 7-8 संदिग्धों की पहचान की गई है और जांच जारी है।
घूमकर लौटने के दौरान रोका
जानकारी के अनुसार, दोनों नाबालिग 10वीं कक्षा के छात्र-छात्रा हैं और जमुई शहर के रहने वाले हैं। दोनों शनिवार को कोचिंग करने के बाद स्कूटी से मड़वा पहाड़ घूमने गए थे। लौटने के दौरान सड़क पर कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद, उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
सीएम को टैग कर कार्रवाई की मांग
घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इनमें एक वीडियो करीब एक मिनट दो सेकंड और दूसरा करीब 35 सेकंड का था। वीडियो को एक्स पर पिंकी प्रज्ञा नाम के वेरिफाइड यूजर ने पोस्ट किया था। पोस्ट में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी।

