छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में हो रहे भारत विरोधी प्रदर्शन
Bangladesh High Commission, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: बांग्लादेशी छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भारत विरोधी प्रदर्शनों और फिर मैमन सिंह जिले में दीपू की मॉब लिंचिंग को लेकर दोनों देशों के रिश्ते काफी बिगड़ गए हैं। इसी कड़ी में भारत ने बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह को तलब किया है। उन्हें एक हफ्ते में दूसरी बार समन किया गया है। इससे पहले आज सुबह बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किया था। यह एक 10 दिन में दूसरी बार था, जब भारतीय उच्चायुक्त को बुलाया गया।
हिंदू युवक की हत्या के खिलाफ भारत में प्रदर्शन
वहीं बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद ने आज देशभर में प्रदर्शन किया। आज सुबह वीएचपी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन किया। दिल्ली के अलावा वीएचपी ने मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद, भोपाल और जम्मू में रैली निकालकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
18 दिसंबर की रात को हुई थी हिंदू युवक की हत्या
बांग्लादेश में 18 दिसंबर की रात हिंदू युवक दीपू चंद्र की हत्या कर दी गई थी। पहले यह दावा किया जा रहा था कि दीपू ने फेसबुक पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी की थी, लेकिन शुरूआती जांच में इसका कोई सबूत नहीं मिला।

