हरियाणा के फतेहाबाद जिले में बीते दिनों नशे की ओवरडोज से युवकों की मौत के बाद जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है। एक तरफ जहां नशा तस्करों और संदिग्धों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष सर्च अभियान चलाया गया, वहीं दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने नशा विरोधी मुहिम को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर पुलिस कर्मियों के तबादले किए हैं। इन कदमों को जिले में नशे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
एंटी नारकोटिक्स सेल में बड़ा फेरबदल
एसपी सिद्धांत जैन के आदेशानुसार एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) सहित विभिन्न थानों और पुलिस इकाइयों में व्यापक फेरबदल किया गया है। इंस्पेक्टर प्रह्लाद राय को एएनसी स्टाफ एफटीबी से पीओ स्टाफ एफटीबी लगाया गया है, जबकि इंस्पेक्टर यादविंदर सिंह को पीओ स्टाफ एफटीबी से एएनसी स्टाफ एफटीबी में तैनात किया गया है। इसके अलावा एएसआइ मेजर सिंह को एएनसी से भूना, भूपेंद्र सिंह को भूना से एएनसी, पवन कुमार को एएनसी से रतिया और ऋषिपाल को रतिया से एएनसी भेजा गया है।
विभिन्न थानों और इकाइयों में तबादले
अन्य तबादलों में दयाराम को एएनसी से स्योंद, करनाल सिंह को सीआईए रतिया से एएनसी, राजेंद्र को टोहाना से एएनसी, विरेंद्र को स्योंद से सीआईए टोहाना, आनंद को एएनसी से सीआईए रतिया और रविंद्र को एएनसी से सिटी रतिया लगाया गया है। इन तबादलों के जरिए पुलिस प्रशासन ने नशे के नेटवर्क पर सीधा प्रहार करने की रणनीति अपनाई है।
24 घंटे में जारी हुई दूसरी सूची
पुलिस प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर दूसरी तबादला सूची भी जारी की। इसके तहत एसआई हंसराज को ब्राह्मणवाला चौकी से दरियापुर, एसआई रमेश कुमार को बड़ोपल से गुरुनानकपुरा, एसआई पुरुषोतम को गुरुनानकपुरा से बड़ोपल, एएसआई शीशपाल को दरियापुर से सिटी रतिया, एएसआई दसबीर को कुलां से ब्राह्मणवाला चौकी और एएसआई जितेंद्र सिंह को सिटी रतिया से कुलां ट्रांसफर किया गया।
रतिया और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान
उधर, रतिया शहर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में विशेष सर्च अभियान भी चलाया गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों, पुराने आरोपितों और पहले से चिन्हित ठिकानों की गहन जांच की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।



