सुरक्षा बलों को स्पेशल आॅपरेशन में मिली सफलता, भारी संख्या में गोला-बारूद बरामद
Jammu-Kashmir News (द भारत ख़बर), श्रीनगर : भारतीय सुरक्षा बलों ने स्पेशल सर्च आॅपरेशन में बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए घाटी के बारामुला में एक आतंकी ठिकाने को ध्वस्त करने में सफलता हासिल की है। सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान में हालांकि सेना के हाथ कोई आतंकी नहीं लगा लेकिन सुरक्षा बलों ने उनके छिपने के ठिकाने का पता लगाकर उसे ध्वस्त कर दिया।
इस संबंधी जानकारी देते हुए सेना प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामुला के जंगल में आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश किया गया है। सुरक्षाबलों ने यहां से आईईडी व कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सीआरपीएफ, सेना की 2 राष्ट्रीय राइफल्स, कुंजर और पट्टन की स्पेशल आॅपरेशंस ग्रुप और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने खरपोरा गांव के पास घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान जंगल में एक आतंकी ठिकाना मिला।
आतंकी ठिकाने से यह सामान बरामद हुआ
यहां एके-47 के 53 कारतूस, गोला-बारूद सहित अन्य विस्फोटक सामग्री मिली। जब्त सामान में एक प्रेशर कुकर भी है जिसमें मोटरसाइकिल की बैटरी लगी थी। इसके लेकर संदेह है कि यह एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का हिस्सा थी। ठिकाने से एक नेल कटर, एक कंघी, एक प्लास, एक चाकू, एक डायरी, एक तस्बीह, एक अतिरिक्त बैटरी और बिजली का तार भी मिला है।
सभी सामान एक छोटे डस्टबिन में पैक करके प्रेशर कुकर के अंदर छिपाया गया था जिससे पता चलता है कि इन्हें तोड़फोड़ में इस्तेमाल के लिए रखा गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रेशर कुकर डिवाइस को ब्लास्ट कर नष्ट कर दिया गया है। इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अतिरिक्त ठिकानों या सामग्री की मौजूदगी का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
सर्दियों और खराब मौसम में बढ़ जाती हैं आतंकी गतिविधियां
सैन्य अधिकारियों ने बताया कि सर्दियों के दिनों में जब मौसम खराब हो जाता है तो सीमा पर आतंकी गतिविधियां बढ़ जाती है। ऐसे मौसम में न केवल सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशें ज्यादा होने लगती हैं बल्कि भारतीय सीमा के अंदर जो आंतकी हैं वे भी ज्यादा एक्टिव हो जाते हैं। इसी के चलते ही भारतीय सुरक्षा बल लगातार चौकसी बढ़ाते हुए ऐसे आॅपरेशन चला रहे हैं जिससे आतंकवादियों की ऐसी कोशिशों को नाकाम किया जा सके।

