हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने कृषि विकास अधिकारी (ADO) के 100 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया है। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार यह फैसला प्रशासनिक कारणों के चलते लिया गया है। भर्ती के लिए आवेदन करने वाले सभी उम्मीदवारों को जमा कराई गई आवेदन फीस अब HPSC द्वारा वापस की जाएगी।
गौरतलब है कि HPSC ने 24 जून 2022 को कृषि विकास अधिकारी के पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। इस भर्ती के तहत कुल 100 पदों को भरा जाना था, जिनमें सामान्य वर्ग के लिए 55 पद, अनुसूचित जाति के लिए 20 पद, बीसी-ए के लिए 10 पद, बीसी-बी के लिए 5 पद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी ईडब्ल्यूएस के लिए 10 पद आरक्षित किए गए थे। भर्ती को लेकर प्रदेशभर के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला था।
कृषि विकास अधिकारी भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 29 जून 2022 से शुरू हुई थी, जबकि 19 जुलाई 2022 को आवेदन करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग के महिला और पुरुष उम्मीदवारों से एक हजार रुपये फीस ली गई थी, वहीं अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये तय किया गया था।
हरियाणा लोक सेवा आयोग ने 6 जून को भर्ती रद्द करने का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती रद्द होने के बाद आवेदन शुल्क की वापसी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही यह भी साफ किया गया है कि इस भर्ती से संबंधित किसी भी प्रकार के पत्राचार पर आयोग द्वारा कोई विचार नहीं किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया को रद्द किए जाने के पीछे नियमों से जुड़ा कारण भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि इस भर्ती के नोटिफिकेशन में पुराना नियम लागू था, जबकि आयोग अब नई भर्ती प्रक्रिया में संशोधित नियमों के तहत चयन करना चाहता है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले समय में HPSC कृषि विकास अधिकारी पदों के लिए नया नोटिफिकेशन जारी कर सकता है, जिसमें 35 प्रतिशत क्राइटेरिया से जुड़ा नया नियम लागू किया जाएगा।
भर्ती रद्द होने की सूचना के बाद अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है, हालांकि आवेदन शुल्क लौटाने के फैसले से उन्हें कुछ राहत जरूर मिली है। अब सभी की नजरें HPSC के अगले कदम और नई भर्ती अधिसूचना पर टिकी हुई हैं।

