गुरुग्राम (Haryana News): गुरुग्राम वासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। साइबर सिटी के सेक्टर-37C, सेक्टर-37D और आसपास के इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम से निजात मिलने वाली है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने गढ़ी रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
GMDA ने इस प्रोजेक्ट की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए एक सलाहकार कंपनी नियुक्त कर दी है, जो अगले दो महीनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
इन इलाकों को होगा सीधा फायदा
गढ़ी रेलवे लाइन के एक तरफ सेक्टर-37C, 37D और सेक्टर-9B स्थित हैं, जबकि दूसरी ओर बसई और गढ़ी गांव आते हैं। इन क्षेत्रों में रामप्रस्था CT, BPTP टेरा और पार्क सरीन जैसी कई बड़ी रिहायशी सोसाइटी मौजूद हैं।
फिलहाल रेलवे फाटक बंद रहने की वजह से यहां रोजाना घंटों लंबा जाम लगता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। फ्लाईओवर बनने के बाद इन सोसाइटी में रहने वाले लोगों का सफर काफी आसान और सुगम हो जाएगा।
रेलवे और GMDA मिलकर उठाएंगे खर्च
इस परियोजना को भारतीय रेलवे से मंजूरी मिल चुकी है। निर्माण लागत का 50 प्रतिशत खर्च रेलवे और शेष 50 प्रतिशत राशि GMDA द्वारा वहन की जाएगी।
कितनी लेन का होगा फ्लाईओवर, सर्वे से होगा तय
GMDA के कार्यकारी अभियंता के अनुसार, सलाहकार कंपनी द्वारा किए जाने वाले सर्वे के आधार पर यह तय किया जाएगा कि फ्लाईओवर कितनी लेन का बनाया जाएगा, ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
इसके साथ ही HSVP से भूमि अधिग्रहण की जरूरतों को लेकर भी जानकारी मांगी गई है।

