Amritsar Airport Security Alert: पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार रात संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने के बाद हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया और रनवे के आसपास ड्रोन जैसी चीजें नजर आने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने तत्काल अलर्ट जारी किया। सुरक्षा को देखते हुए अमृतसर आने वाली सात उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। सुरक्षा एजेंसियां अब इन वस्तुओं की पहचान करने में जुटी हुई हैं और एयरपोर्ट को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
रात करीब 10 बजे दिखे संदिग्ध ऑब्जेक्ट
रविवार रात करीब 10 बजे एयरपोर्ट के संवेदनशील ऑपरेशनल क्षेत्र में दो से चार संदिग्ध ड्रोन जैसी चीजें देखी गईं। ये चीजें कुछ समय तक रनवे और उसके आसपास के क्षेत्र में मंडराती नजर आईं। इन्हें ड्रोन बताया जा रहा है, लेकिन एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ATC ने विमानों की लैंडिंग रोकने और उन्हें दूसरे एयरपोर्ट की ओर भेजने का फैसला लिया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया।
रुडाला गांव की तरफ से आईं संदिग्ध वस्तुएं?
प्राथमिक जानकारी के अनुसार संदिग्ध उड़ती वस्तुएं रुडाला गांव की दिशा से अमृतसर एयरपोर्ट की ओर आती हुई दिखाई दीं। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट से सटे इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी। रुडाला अमृतसर जिले के अजनाला क्षेत्र में स्थित गांव है और एयरपोर्ट के आसपास के इलाके से जुड़ा हुआ है। घटना के बाद CISF, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया। रुडाला गांव तथा एयरपोर्ट से लगे इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया।सुरक्षा टीमों ने संदिग्ध गतिविधि के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी निगरानी भी शुरू की है।
अमृतसर आने वाली 7 उड़ानों का बदला रूट
संदिग्ध गतिविधि के बाद अमृतसर पहुंचने वाली सात उड़ानों को डायवर्ट किया गया। इनमें अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों उड़ानें शामिल थीं।
Malaysia Airlines MH-118: कुआलालंपुर से अमृतसर — दिल्ली डायवर्ट
IndiGo 6E-5028: मुंबई से अमृतसर — चंडीगढ़ डायवर्ट
IndiGo 6E-2045: दिल्ली से अमृतसर — चंडीगढ़ डायवर्ट
Air India AI-479: दिल्ली से अमृतसर — दिल्ली वापस भेजी गई
Air India AI-855: दिल्ली से अमृतसर — दिल्ली वापस भेजी गई
IndiGo 6E-1428: शारजाह से अमृतसर — दिल्ली डायवर्ट
Air India Express IX-138: शारजाह से अमृतसर — दिल्ली डायवर्ट
रडार और CCTV से सुराग तलाश रही टीमें
सुरक्षा एजेंसियों ने अब यह पता लगाने पर फोकस किया है कि संदिग्ध वस्तुएं वास्तव में ड्रोन थीं या कोई अन्य उड़ने वाला ऑब्जेक्ट। इसके लिए रडार इनपुट और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जांच का एक अहम हिस्सा यह पता लगाना भी है कि संदिग्ध वस्तुएं किस दिशा से आईं, कितनी देर तक एयरपोर्ट क्षेत्र के ऊपर रहीं और उनके पीछे कोई ऑपरेटर था या नहीं। फिलहाल किसी संदिग्ध व्यक्ति की गिरफ्तारी या ड्रोन ऑपरेटर की पहचान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
अमृतसर एयरपोर्ट पर पहले भी दिख चुका है ड्रोन
यह पहली बार नहीं है जब अमृतसर एयरपोर्ट के आसपास ड्रोन जैसी गतिविधि ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ाई हो। फरवरी 2026 में भी एयरपोर्ट पर ड्रोन की गतिविधि देखे जाने के बाद करीब एक घंटे तक विमान संचालन प्रभावित हुआ था और दो उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा था। अमृतसर एयरपोर्ट की संवेदनशील भौगोलिक स्थिति को देखते हुए ऐसी घटनाओं को सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से लिया जाता है। एयरपोर्ट अमृतसर के राजा सांसी क्षेत्र में स्थित है और आसपास कई गांव हैं। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि एयरपोर्ट के ऊपर दिखाई देने वाली ये चीजें क्या थीं।

