रविवार को संपन्न हुए चुनाव में ताकाइची गठबंधन को दो-तिहाई बहुमत मिला, पीएम मोदी ने दी बधाई
Japan PM Election (द भारत ख़बर), टोक्यो : जापान में हुए चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद सनाए ताकाइची एक बार फिर से जापान की प्रधानमंत्री बन गई हैं। ताकाइची के गठबंधन को रविवार को हुए अहम संसदीय चुनाव में दो-तिहाई बहुमत मिल गया है। सनाए ताकाइची की इस शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी है।
सोशल मीडिया पर साझा संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि भारत-जापान की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी दुनिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने भरोसा जताया कि सनाए ताकाइची के नेतृत्व में भारत-जापान मित्रता और अधिक मजबूत होगी और दोनों देशों के संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।
अक्टूबर में ताकाइची बनी थी पीएम
ज्ञात रहे कि ताकाइची ने अक्तूबर में जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। वह व्यक्तिगत रूप से काफी लोकप्रिय हैं, लेकिन उनकी पार्टी उनकी लोकप्रिय नहीं थी, जिसके बाद ताकाइची ने अचानक से चुनावों का एलान कर दिया था। उनका यह फैसला अब सही साबित हुआ है। इस चुनाव में प्रधानमंत्री ताकाइची की सत्तारूढ़ पार्टी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) ने 465 सीटों में से 354 सीटों पर दर्ज की है। वहीं, विपक्षी दलों के खाते में अभी तक मात्र 111 सीटें ही आई हैं।
यह चुनाव जापान के लिए बहुत अहम : ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जापान में हुए संसदीय चुनाव को लेकर ट्वीट कर प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव जापान के भविष्य के लिए बेहद अहम है। ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री ताकाइची ने एक सक्षम, मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रदर्शन किया है और वे अपने देश के प्रति सच्चे रूप से समर्पित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 19 मार्च को वे व्हाइट हाउस में उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ताकाइची सरकार की दोबारा वापसी को एशिया-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और रणनीतिक संतुलन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। विश्लेषकों का कहना है कि भारत, अमेरिका और जापान के बीच बढ़ता सहयोग क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक साझेदारी और नियम आधारित वैश्विक व्यवस्था को और मजबूती देगा।
ये भी पढ़ें : India-US Trade Deal : अमेरिका से व्यापार समझौता भारतीय अर्थव्यवस्था की बूस्टर डोज : वित्त मंत्री

