- मृतकों में कोबरा बटालियन के चार जवान शामिल
Accidents In Rajasthan & Chhatisgarh, (द भारत ख़बर), जयपुर/रायपुर: राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हुए सड़क हादसों में 9 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में 201 कोबरा बटालियन के चार जवान भी शामिल हैं। राजस्थान की राजधानी जयपुर की सीमा से लगे चाकसू इलाके में कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर टिगरिया मोड़ के पास आज सुबह एक कार उसके आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई जिनमें एक महिला शामिल थी।
जबलपुर निवासी थे पांच लोग, खाटू श्याम जा रहे थे
सभी मध्यप्रदेश के रहने वाले थे और महाकाल के दर्शन करके खाटू श्याम जा रहे थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक को ड्राइव करते समय झपकी आ गई जिस कारण कार आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए थे।
महिला सहित 4 लोगों की मौके पर ही मौत
महिला सहित 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और गंभीर रूप से घायल पांचवें ने अस्पताल के रास्ते पर दम तोड़ दिया। चाकसू थाना एसएचओ मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि हादसा सुबह लगभग 5 बजकर 30 मिनट पर हुआ। उन्होंने बताया कि सभी हताहत एमपी के जबलपुर निवासी थे और खाटू श्याम के दर्शनार्थ जा रहे थे।
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में हुआ हादसा
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे-30 पर आज सुबह एक कार ट्रक से टकरा गई और इसमें सवार 201 कोबरा बटालियन के 4 जवानों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकाला व घायल को अस्पताल भेजा।
मृतकों जवानों में ये शामिल
मृतकों में सौरभ तोमर, हीरा लाल नागर, मुकेश कुमार और राजकुमार गोंड शामिल हैं। सभी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अभियान राय को अस्पताल में भर्ती करचाया गया है। जानकारी के अनुसार, जवान कार में सवार होकर जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। तभी खपरी के पास जवानों की कार पहुंची और सड़क किनारे खड़ी ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें : India Road Accidents: देश ने पिछले साल हर रोज सड़क हादसों में खोए 26 बच्चे

