Delhi News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में ‘आप’ को बहाने बहानेबाजी की राजनीति नहीं बचा पाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब से ‘आप’ का सफाया हो जाएगा और अगली सरकार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बनेगी।
‘यमुना साफ करने के बाद मांगेगी जनादेश’
गृह मंत्री ने दिल्ली में यमुना की सफाई के लिए 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) यमुना को साफ करने के बाद 2029 में जनता से जनादेश मांगेगी। शाह ने कांग्रेस और ‘आप’ पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने सत्तारूढ़ गठबंधन पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से छेड़छाड़ और वोट चोरी के आरोप लगाए हैं, लेकिन वे कई राज्यों में दशकों से सत्ता से बाहर हैं।
‘पिछली सरकारों ने बहाए सीवर’
शाह ने यमुना की सफाई की योजनाओं का ब्योरा देते हुए दिल्ली की पिछली कांग्रेस और ‘आप’ की सरकारों पर नदी में सीवर का पानी बहने देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार अब यमुना में गिरने वाले सीवर के पानी की मात्रा कम करने में सफल रही है।
‘बंद होगी नशीले पदार्थों की तस्करी’
शाह ने ‘आप’ के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘बहानेबाजी की राजनीति’ पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव में ‘AAP’ को नहीं बचा पाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग एनडीए की सरकार चाहते हैं। शाह ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में ‘आप’ का सफाया हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में NDA की सरकार बनने के बाद राज्य में नशीले पदार्थों की तस्करी की मौजूदा समस्या को खत्म कर दिया जाएगा।

