
- नक्सलवाद अंतिम चरण में, मार्च के अंत तक होगा खात्मा : सीआरपीएफ महानिदेशक
- केंद्रीय गृह मंंत्री अमित शाह ने दिया है मार्च-2026 तक खात्मे का लक्ष्य : जीपी सिंह
Encounter In Bijapur Chhattisgarh, (द भारत ख़बर), रायपुर: जैसे-जैसे देश को नक्सलवाद मुक्त करने के लक्ष्य का समय नजदीक आ रहा है, सुरक्षा बलों को समस्या के हल में कामयाबी मिल रही है। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने आज गुरुवार को 5 नक्सलियों को मार गिराया है। गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों को मार्च-2026 तक देश को नकस्लवाद मुक्त करने का लक्ष्य दिया है। इस बीच सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह ने आज कहा कि नक्सलवाद अपने अंतिम चरण में है और केंद्रीय गृह मंत्री की घोषणा के अनुसार मार्च तक देश से इस खतरे का उन्मूलन कर दिया जाएगा।
गुवाहाटी में बल की डीजी परेड को संबोधित कर रहे थे जीपी सिंह
जीपी सिंह गुवाहाटी में बल की डीजी परेड को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, सीआरपीएफ ने पिछले साल अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ अभियानों में नक्सलियों के खिलाफ कई निर्णायक कदम उठाए हैं। बीजापुर में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच आज हुई मुठभेड़ जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जंगल में नक्सलियों ने पहले सुरक्षाबलों पर फायरिंग की थी। जवानों ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई भीषण मुठभेड़ में पांच नक्सलियों के मौके पर ही मारे जाने की सूचना है।
जंगल में मिली थी नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना
सुरक्षाबलों को बीजापुर के जंगल क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद जवानों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। नक्सलियों ने घात लगाकर सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की और नक्सलियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। मुठभेड़ में मारे गए पांचों नक्सली खूंखार थे, जिससे क्षेत्र में शांति स्थापित करने में मदद मिलेगी।
चार दिन में 214 नक्सली ठिकाने व बंकर नष्ट
बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों का नक्सल विरोधी अभियान तेज चल रहा है। बीते 4 दिन जवानों ने 214 नक्सली ठिकाने व बंकर ध्वस्त किये हैं। बलों ने इस दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद कर नक्सलियों की बड़ी साजिशों को नाकाम कर दिया है। सुरक्षाबलों की यह लगातार कार्रवाई क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों को ख़त्म करने में प्रभावी सिद्ध हो रही है।
गुवाहाटी : CRPF की परेड में अमित शाह शनिवार को होंगे शामिल
सीआरपीएफ महानिदेशक जीपी सिंह ने मणिपुर में हिंसा के बाद मौजूदा स्थिति पर भी बात की। उन्होंने कहा, मणिपुर में सीआरपीएफ के जवान बेहतर काम कर रहे हैं। जीपी सिंह ने कहा, हमारी सेना निष्पक्ष एजेंसी के तौर पर क्षेत्र के लोगों का विश्वास जीतने में सक्षम रही है। बता दें कि असम के गुवाहाटी में सीआरपीएफ की वर्षगांठ परेड से पहले डीजी की परेड आयोजित की गई जिसमें अमित शाह शनिवार को शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें : Chhattisgarh Naxalism: दंतेवाड़ा में 12 नक्सलियों का सरेंडर, 28.50 लाख था ईनाम
