ग्रुप स्टेज मैचों में दो अर्द्धशतक लगा चुके किशन शानदार फार्म से गुजर रहे
Ishan Kishan (द भारत ख़बर), खेल डेस्क : टी20 विश्व कप की मेजबानी कर रही टीम इंडिया अब सुपर आठ का अपना सफर शुरू करने को तैयार है। भारत इस बार न केवल अपने विश्व चैंपियन खिताब को बचाने के लिए खेल रहा है बल्कि वह अपने दर्शकों के सामने भी खेल रहा है। इससे जहां टीम को अपनी होम कंडीशंस का फायदा मिल रहा है वहीं दबाव भी है। भारत की टीम गु्रप स्टेज में सभी चार मैच जीतते हुए सुपर आठ में पहुंची है। हालांकि टीम के बल्लेबाजों का मिलाजुला प्रदर्शन रहा है लेकिन टीम के लिए सलामी बल्लेबाज का शानदार फार्म राहत दिला रहा है। ईशान किशन इस विश्व कप में भारत की तरफ से सबसे सफल बल्लेबाज साबित हो रहे हैं।
चार पारियों में बनाए 176 रन
जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। किशन अब तक 4 पारियों में 44 के बढ़िया औसत से 176 रन बना चुके हैं और टूनार्मेंट में अब तक 2 अर्धशतक भी लगाए हैं। वो टूर्नांमेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय हैं, वहीं पूरी लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं।
इस तरह रहेगा सुपर आठ का सफर
विश्व कप अब अपने सही मंच पर पहुंच चुका है। आज से सुपर आठ के मुकाबले शुरू हो रहे हैं। अब हर मुकाबला मजबूत टीमों के बीच होगा। भारत अपने आगे के अभियान की शुरुआत कल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से करेगा। ज्ञात रहे कि पिछले विश्व कप में भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर ही विश्व विजेता बना था। वहीं भारत का दूसरा मैच जिम्बाब्वे से होगा जो इस विश्व कप में आॅस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हरा चुकी है और अंतिम मैच वेस्ट इंडीज के साथ होगा जो फिलहाल शानदार फार्म में है।
टीम के खाते में लगातार 12 जीत का रिकॉर्ड
भारतीय टीम अभी तक इस टूर्नामेंट में अविजित है और वह विश्व कप में लगातार 12 जीत का नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी है। हालांकि गु्रप स्टेज मैचों में भारत की टीम के लिए बल्लेबाजों का पूरी तरह लय में न आना चिंता का विषय है। लेकिन राहत की बात यह है कि भारतीय टीम के दोनों आॅलराउंडर शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या अच्छी लय में नजर आ रहे हैं। ये दोनों न केवल रन बना रहे हैं लेकिन जरूरत पड़ने पर टीम के लिए विकेट भी निकाल रहे हैं। खासकर शिवम दुबे का लय में लौटना भारतीय टीम के लिए फायदेमंद साबित होगा। गु्रप स्टेज के अंतिम मैच में नीदरलैंड के खिलाफ शिवम दुबे के आॅलराउंड प्रदर्शन से न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ा होगा बल्कि टीम ने भी राहत की सांस ली होगी।

