बुधवार को बाजार बंद होने के समय रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर 92.63 रुपए प्रति डॉलर बंद हुआ
Rupee continues to fall (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : पश्चिम एशिया में जारी तनाव और क्रूड तेल में आ रही लगातार तेजी का सीधा असर भारतीय मुद्रा पर देखने को मिल रहा है। डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार निचले स्तर पर जा रहा है। बुधवार को भी रुपया कमजोर होते हुए पहली बार 92.50 का महत्वपूर्ण स्तर पार कर गया। दिन का कारोबार समाप्त होने के समय यह डॉलर के मुकाबले 23 पैसे गिरकर 92.63 (अस्थायी) पर बंद हुआ। जानकारों ने इस गिरावट के पीछे विदेशी निवेशकों की लगातार निकासी को भी बताया है। भारतीय पूंजी बाजार से विदेशी निवेशकों ने पिछले कुछ समय में रिकॉर्ड निकासी की है।
सोने और चांदी की कीमतों में भी गिरावट
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को चांदी की कीमतों में 6,000 रुपए प्रति किलोग्राम की भारी गिरावट दर्ज की गई, जबकि सोना भी 1,000 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया। अखिल भारतीय सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, यह गिरावट मुनाफावसूली और कमजोर घरेलू धारणा के कारण हुई है। सफेद धातु चांदी 2.28 फीसदी की गिरावट के साथ 2,56,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।
मंगलवार को यह 2,62,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इसी तरह, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 0.62 फीसदी गिरकर 1,60,300 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। मंगलवार को यह 1,61,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। जानकारों का कहना है कि व्यापारियों द्वारा मुनाफावसूली और भौतिक मांग में कमी के कारण सोने की कीमतों में गिरावट आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी 0.79 फीसदी बढ़कर 79.92 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। वहीं, सोना 0.32 फीसदी गिरकर 4,989.65 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
शेयर बाजार में तेजी का रुख जारी
वैश्विक बाजारों की तेजी को फायदा भारतीय शेयर बाजार को भी मिल रहा है। इस सप्ताह के लगातार तीन कारोबारी दिनों में भारतीय शेयर बाजार लगातार हरे निशान पर बंद हुआ है। जानकारों ने इस तेजी के पीछे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और वैश्विक बाजारों में मजबूती को बताया है।
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का बेंचमार्क कोस्पी 5 प्रतिशत और जापान का निक्केई 225 सूचकांक 2.87 प्रतिशत चढ़ गया। शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक भी बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के बाजारों में सकारात्मक रुझान देखने को मिला। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुआ।
इस तरह रहा सेंसेक्स और निफ्टी का प्रदर्शन
आईटी शेयरों में तेजी के कारण घरेलू बाजारों में भी सकारात्मक रुझान देखने को मिला। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 633.29 अंक या 0.83 प्रतिशत बढ़कर 76,704.13 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 929.38 अंक या 1.22 प्रतिशत की तेजी आई और यह 77,000.22 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 196.65 अंक या 0.83 प्रतिशत बढ़कर 23,777.80 पर बंद हुआ।

