अर्श से फर्श पर पहुंची दोनों कीमती धातुएं, चार दशकों में सोने की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : पश्चिम एशिया तनाव और वैश्विक बाजार के प्रभाव के चलते भारतीय सर्राफा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई।
कमजोर घरेलू मांग और वैश्विक रुझानों के कारण यह गिरावट आई है। पिछले सप्ताह सोने की कीमतों में 10 फीसदी से अधिक की गिरावट आई थी। यह चार दशकों में सोने की सबसे खराब साप्ताहिक गिरावट थी। सोमवार को बाजार खुलते ही सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुएं लाल निशान पर कार्य करने लगीं। इसके बाद दिन का समय समाप्त होते होते इन दोनों के दाम काफी ज्यादा टूट गए।
दिल्ली सर्राफा बाजार में इस तरह रहे दोनों के दाम
सोना 9,050 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ, जबकि चांदी 10,500 रुपये प्रति किलोग्राम गिरी। यह लगभग छह फीसदी की गिरावट है। अब सोने का भाव 1,43,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। शुक्रवार को इसका बंद भाव 1,52,650 रुपये प्रति 10 ग्राम था। चांदी भी 10,500 रुपये की तेज गिरावट के साथ 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। यह 4.36 फीसदी की गिरावट दशार्ती है। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। बहुमूल्य धातुओं ने पिछले सप्ताह के नुकसान को आगे बढ़ाया है। सोमवार को हाजिर सोना चार महीने के निचले स्तर पर फिसल गया।
भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,836.57 अंक या 2.46 प्रतिशत गिरकर 72,696.39 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 1,974.52 अंक या 2.64 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 72,558.44 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 601.85 अंक या 2.60 प्रतिशत गिरकर 22,512.65 पर बंद हुआ।
इन कंपनियों के शेयर सबसे ज्यादा टूटे
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से टाइटन के शेयरों में सबसे ज्यादा 6.24 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इंटरग्लोब एविएशन, टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक भी गिरावट दर्ज करने वाली प्रमुख कंपनियों में शामिल थीं।

