कुमार सानू के साथ तस्वीर देख खोया आपा, बोलीं- शर्म करो, वो शादीशुदा हैं
Kunickaa Sadanand, (द भारत ख़बर), मुंबई: बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और हाल ही में बिग बॉस 19 में अपनी बेबाकी से चर्चा बटोरने वाली कुनिका सदानंद एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं। हालांकि, इस बार वजह कोई फिल्म या शो नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही उनकी एक फेक (एआई जनरेट) तस्वीर है। मशहूर सिंगर कुमार सानू के साथ अपनी एक कथित फोटो देख कुनिका का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है और उन्होंने इसे पोस्ट करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दे डाली है।
पोस्ट डालने वाले शख्स को जमकर लताड़ लगाई
दरअसल, इंटरनेट पर कुनिका और कुमार सानू की एक तस्वीर तेजी से सर्कुलेट हो रही है, जिसे कुनिका ने पूरी तरह से फर्जी करार दिया है। इस तस्वीर को री-शेयर करते हुए अभिनेत्री ने पोस्ट डालने वाले शख्स को जमकर लताड़ लगाई। कुनिका ने लिखा, शर्म कीजिए, फोटो में ये जो इंसान है, वो शादीशुदा है और उनके बच्चे भी हैं। आप लोगों को पता होना चाहिए कि कोर्ट ने उन्हें उनके पर्सनैलिटी राइट्स दिए हैं। इस तरह की हरकत के लिए आप बड़ी मुश्किल में पड़ सकते हैं।
सोशल मीडिया यूजर को दे डाली धमकी
कुनिका ने साफ शब्दों में कहा कि उनकी या कुमार सानू की निजी जिंदगी को इस तरह के फैंडम वॉर (प्रशंसकों की आपसी लड़ाई) में घसीटना गलत है। उन्होंने तमाम यूजर्स को चेतावनी देते हुए कहा, दूसरों की प्राइवेसी का सम्मान करना सीखो। मैं तुम्हारे खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने जा रही हूं, बेहतर होगा कि इस फोटो तुरंत हटा दो।
अफेयर को लेकर पहले भी रही हैं बेबाक
कुनिका का ये गुस्सा हैरान करने वाला है क्योंकि कुछ समय पहले ही कुनिका ने एक इंटरव्यू में कुमार सानू के साथ अपने पुराने रिश्तों पर खुलकर बात की थी। एक मशहूर पॉडकास्ट में उन्होंने खुद बताया था कि एक दौर था, जब वो शादीशुदा कुमार सानू के साथ रिलेशनशिप में थीं।

उन्होंने बताया था कि उनकी पहली मुलाकात एक दोस्त के घर पर हुई थी। कुनिका खुद भी गायकी का शौक रखती थीं और अक्सर शोज के लिए कुमार सानू के साथ टूर पर जाया करती थीं। लेकिन अब पुरानी बातों को आधार बनाकर फर्जी तस्वीरें वायरल करने पर कुनिका ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है।
फिल्मी करियर और बिग बॉस का सफर
कुनिका सदानंद ने बेटा, गुमराह और खिलाड़ी जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया है। हाल ही में उन्हें सलमान खान के विवादित रियलिटी शो बिग बॉस 19 में देखा गया था, जहां उनके बेखौफ अंदाज को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
ये भी पढ़ें: मिलिए बादशाह की दूसरी पत्नी ईशा रिखी से, ऐसे हुई थी दोनों की पहली मुलाकात

