चुनावी राज्यों में भाजपा ने झौंकी ताकत, पीएम और गृह मंत्री ने संभाला मोर्चा, पीएमतमिलनाडु-केरल में चुनावी जनसभाओं को करेंगे संबोधित
PM Modi News (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने पूरी ताकत झौंक दी है। इन राज्यों में चुनाव प्रचार की कमान पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने संभाल रखी है। देश के दोनों बड़े नेता लगातार इन राज्यों के दौरे पर हैं। ये रैलियों और रोड शो में जनता को भाजपा की नीतियों से अवगत करवा रहे हैं। इसी बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण भारत के चुनावी राज्यों के दौरे पर हैं। वे आज सुबह तमिलनाडु में लगभग 100 से अधिक पार्टी पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद मायलापुर और टी. नगर क्षेत्रों में रोड शो या वाहन रैली करने की संभावना जताई जा रही है।
दोपहर एक बजे पहुंचेंगे केरल
इसके बाद वह केरल जाएंगे। दोपहर के वक्त तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद पीएम चंगनाशेरी एनएसएस कॉलेज जाएंगे। इसके बाद, तिरुवल्ला पब्लिक स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसमें लगभग 50,000 लोग शामिल हो सकते हैं। तिरुवल्ला, आरनमुला, हरिपाद, चेंगन्नूर, मावेलिक्कारा, रानी, कोन्नी, अंबालापुझा, अडूर, चंगनाशेरी और कायमकुलम निर्वाचन क्षेत्रों से एनडीए के उम्मीदवार इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद पीएम तिरवनंतपुरम पहुंचेंगे और एक रोड शो में शामिल होंगे, जिसमें जिले भर से करीब 50,000 कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। यह रोड शो शहर के केंद्र में स्थित किलिलपलम जंक्शन से लेकर करमना तक, डेढ़ किलोमीटर लंबा होगा।
अमित शाह ने कांग्रेस को घेरा
असम में चुनाव प्रचार के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी सिलसिले में गृह मंत्री अमित शाह ने गोलपारा के दुधनोई में एक बड़ी जनसभा की। वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कामरूप में रैली को संबोधित किया। दोनों नेताओं ने कांग्रेस पर तीखे हमले किए और भाजपा के विकास कामों को गिनाया। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने यहाँ सिर्फ चुनाव लड़ने का काम किया, लेकिन आदिवासियों के कल्याण पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि 75 साल में कांग्रेस ने किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति नहीं बनाया। पीएम मोदी ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर आदिवासी समाज का सम्मान बढ़ाया।
ये भी पढ़ें : Weather Update Today : उत्तर भारत में बारिश, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

