पश्चिमी विक्षोभ के चलते आया मौसम में बदलाव, आठ मई के बाद आएगा तापमान में उछाल
Delhi Weather Update (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : अप्रैल के अंतिम 10 दिन गर्मी और लू के चलते बढ़ते तापमान ने जहां दिल्ली की जनता को खूब परेशान किया वहीं मई का पहला सप्ताह इसके उलट लोगों के लिए राहत लेकर आया। राजधानी में लोगों को यह राहत एक नहीं बल्कि दो पश्चिमी विक्षोभ के एक साथ सक्रिय होने के चलते मिली।
जिससे न केवल राजधानी में आंधी और बारिश का दौर चला बल्कि तेज हवाओं के लगातार चलने से तापमान में कमी आई और लोगों को गर्मी और लू से राहत मिली। यह राहत अगले दो दिन भी जारी रहेगी। भारतीय मौसम विभाग ने इस बारे में बुलेटिन जारी करते हुए कहा है कि दिल्ली में बीते दो दिन से मौसम का मिजाज बदला हुआ है, इससे गर्मी में ठंडक का अहसास हुआ है। रविवार रात से जारी तेज हवाओं और सुबह हुई बारिश के कारण तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे मई की शुरूआत में ही ठंडक का अहसास होने लगा।
सोमवार को इतना रहा दिल्ली का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को सफदरजंग मानक केंद्र पर अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 7.1 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री दर्ज हुआ जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम रहा। यह 13 अप्रैल के बाद सबसे कम न्यूनतम तापमान है। वहीं मौसम विभाग के अन्य केंद्रों पर अधिकतम तापमान में लगभग 7 से 10 डिग्री और न्यूनतम तापमान में करीब 3 से 7 डिग्री तक की गिरावट आई है।
सबसे अधिक गिरावट आयानगर केंद्र पर दर्ज की गई, जहां तापमान में करीब 10 डिग्री की कमी देखी गई। यहां अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 10 डिग्री कम है। वहीं पालम में तापमान सामान्य से 9.7 डिग्री कम के साथ 30.4 डिग्री दर्ज हुआ। जबकि रिज में तापमान सामान्य से 9 डिग्री की कमी के साथ 31.0 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, सफदरजंग केंद्र पर सोमवार सुबह तक 5.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि आयानगर में 013.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
अभी मिलती रहेगी गर्मी से राहत
सोमवार सुबह तक जारी तेज हवाओं के कारण व कुछ इलाकों में हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। मौसम का ऐसा मिजाज अभी एक से दो दिन तक बना रहेगा। विभाग के अनुसार पांच मई को भी आंशिक बादल छाए रहने व हल्की बारिश की संभावना है। दोपहर बाद 20-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 32-34 और न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री तक रहने का अनुमान है। आठ मई के बाद तापमान में फिर से तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। आठ मई को अधिकतम तापमान 37-39 और न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री रहने की संभावना है। 9 व 10 मई को पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : भाजपा के हर कार्यकर्ता ने कमाल कर दिया : मोदी

